टिकटों पर अंतिम मशक्कत, दो दिन में सारे चेहरे होंगे सामने
जयपुर।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद दावेदारों की नजर अब तीसरी सूची पर है। जिसमें 95 उम्मीदवारों की घोषणा होगी। वहीं भाजपा में भी दावेदार दूसरी सूची के इंतजार में हैं। जिसमें शेष रहे 24 नामों की घोषणा होगी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अपनी तीसरी सूची जहां आज कल में ही घोषित करेगी। वहीं भाजपा 10 नवंबर तक घोषणा कर सकती है। इसके साथ ही अगले दो-तीन दिन में दोनों पार्टियां सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम जारी कर देगी।
पीसीसी सूत्रों के अनुसार दिल्ली में दूसरी सूची जारी करने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान और डॉ. गिरिजा व्यास के बीच रात दो बजे तक हरियाणा भवन में गहन मंत्रणा हुई। माना जा रहा है कि आज या कल में प्रदेश कांग्रेस बाकी बचे नामों की घोष्ाणा कर सकती है।
जयपुर में उतारने हैं प्रत्याशी
भाजपा ने जयपुर शहर की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस को अभी भी सांगानेर, विद्याधर नगर, किशनपोल, सिविल लाइंस, झोटवाड़ा, आदर्श नगर सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारने हैं। इन छह सीटों पर फिलहाल अफवाहों का दौर जारी है। ऎसे में जहां नेता बिना टिकट मिले ही तैयारी में जुट गए हैं, वहीं डीसीसी अध्यक्ष सलीम कागजी सहित कुछ बड़े नेता दिल्ली चले गए हैं।
इन पर सहमति!
जयपुर शहर की किशनपोल सीट से शहर कांगे्रस उपाध्यक्ष अमीन कागजी, आदर्श नगर सीट से माहिर आजाद, आमेर से गंगासहाय शर्मा या पूर्व विधायक सहदेव शर्मा के पुत्र प्रशांत शर्मा, विद्याधर नगर से विक्रम सिंह शेखावत, सांगानेर से संजय बाफना और झोटवाड़ा से गोपाल कटारिया, राजेश चौधरी और हरसहाय यादव का नाम चर्चा में है। बताया जा रहा है कि झोटवाड़ा से एक कांगे्रसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान का नजदीकी होने का फायदा मिल सकता है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें