वोट बैंक की राजनीति करती है कांग्रेस: मोदी
पोकरण राणीदान सिंह तंवर
पोकरण 
चैदहवीं विधानसभा चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन पोकरण राजकीय महाविद्यालय के मैदान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार दोपहर बारह बजे पोकरण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी शैतान सिंह राठौड के समर्थन में आमसभा का आयोजन किया गया। जिसमें करीब एक लाख लोग जमा हुए। आमसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता गुजरात के मुख्यमन्त्री व भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमन्त्री उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह भाजपा की ऐसी आन्धी है,जिससे कांग्रेस का बचना मुश्किल है,यह आन्धी हिन्दुस्तान के कोने कोने में पंहुचेगी तथा कांग्रेस को सम्पूर्ण भारत से उखाड फेंकेगी। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान देश की शक्तिभूमि है तथा उस शक्ति का केन्द्र पोकरण है और राजस्थान में वसुन्धरा राजे की सरकार बनने वाली है। मोदी ने कहा कि आज से 200 दिन बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने वाली है उस समय सीमावर्ती जैसलमेर के किसानों को विदेशी कम्पनियों को बेची गई एक एक इन्च जमीन को वापिस लौटा दी जाएगी। मोदी ने आगे कहा कि जैसलमेर के एक लाख किसानों ने जमीन के लिए अर्जी दी थी लेकिन कांग्रेस ने उन्हें जमीन नहीं दी। उन्होंने ने कहा कि जैसलमेर के किसानों को पानी मिल जाए तो वे जमीन में से सोना पैदा कर सकते है और अटलजी ने नदियों को जोडने का काम उठाया था, अगर उनको पांच साल का और समय मिल जाता तो आज भारत की हालत यह नहीं होती। 

मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोटबैंक की राजनीति के अलावा कुछ सूझता ही नहीं है और धर्म के आधार पर लोगों को बांटनें का काम कांग्रेस का है और जोडना भाजपा का।

उन्हांेने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टी है और कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिवारों के लिए मुम्बई में आदर्श सोसायटी बनी लेकिन कांग्रेस ने उसमें भी घोटाला कर दिया।

उन्हांेने सभा में कहा कि राजस्थान में अगर कांग्रेस ने विकास किया होता तो राजस्थान के नौजवानों को आज अपना घर छोड कर गुजरात में न जाना पडता।

मोदी ने सभा में आमजन से अपील करते हुए भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में वोट करने की अपील की तथा कहा कि किसान के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस पार्टी का अब इस देश में काम नहीं है।

इससे पूर्व नरेन्द्र भाई मोदी को भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पच्चीस किलो फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया और भाजपा के पोकरण विधानसभा सीट के प्रत्याशी शैतान सिंह राठौड ने बाबा रामदेवजी की तस्वीर भेंट की।

सभा को पूर्व विधायक गुलाब सिंह रावलोत,पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी,जुगलकिशोर व्यास,मौलवी हब्बीबुल्लाह,कायमदीन कोटवाल,जीवन खां,डा जितेन्द्र सिंह,विक्रमसिंह नाचना,मदनसिंह राजमथाई सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। सभा का संचालन गजेन्द्र सिंह महरोली ने किया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top