"कांग्रेस ने बनाया भ्रष्टाचार का कीर्तिमान"  

जोधपुर/जैसलमेर/बाड़मेर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में शुक्रवार को मारवाड़ में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और सोनिया व राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी व भ्रष्टाचार की समस्याओ का उल्लेख किया।

राजनाथ ने किसानों को एक फीसदी ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का वादा किया। ओसियां में उन्होंने भिंवरी प्रकरण की याद दिलाई तो पाक सीमा से सटे बाड़मेर के हाई स्कूल मैदान में उनका संबोधन पाक के नापाक इरादों व भारतीय सेना के बुलंद हौसलों के ईद-गिर्द रहा।

उन्होंने कहा कि यदि मोदी प्रधानमंत्री बन जाए तो कोई देश भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। जैसलमेर में राजनाथ ने कांग्रेस पर आरोपों की झड़ी लगाने के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी को याद करते हुए पोकरण के परमाणु परीक्षण का जिक्र किया।

एक दंगे पर बना दिया "मौत का सौदागर" 
जैसलमेर में राजनाथ देश मे दंगो पर कांग्रेस के दोहरेपन का आरोप लगाने के दौरान अलग ही बयान दे बैठे। उन्होने कहा कि कांग्रेस के शासन काल मे कई दंगे हुए, लेकिन सोनिया और राहुल कुछ नहीं बोले।

गुजरात मे एक दंगे मे नरेन्द्र मोदी को मौत का सौदागर तक बता दिया। हालांकि बाद मे उन्होने यह बात संभालते हुए कहा कि हाल ही मे हमारे सैनिको का सिर काटकर व शव कुचलकर पड़ौसी मुल्क के सैनिक ले गए, कोई कुछ नहीं बोला। ओसियां में राजनाथ सिंह की सभा में कार्यकर्ताओं का टोटा रहा। पूरी सभा में दो महिलाएं नजर आई। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top