'देश में मोदी का तो राजस्थान में वसुन्धरा का जादू' : राठौड़ 
जोधपुर।
विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि इस बार जो राजस्थान की राजनीति में परिवर्तन होगा, उसकी अगुवाई जोधपुर संभाग से होगी। राठौड़ ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू पूरे देश में चल रहा है तो राजस्थान में वसुन्धरा राजे का जादू है।
modi magic in india and vasundhara magic in rajasthanराठौड़ रविवार को जालोर जाते समय कुछ देर के लिए जोधपुर रूके। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अब गहलोत सरकार की विदाई का समय आ गया है। कांग्रेस में अंतरविरोध शुरू हो गए हैं। सरकार ने विधान परिषद का शगूफा छेड़ा है। विधान परिषद ही लानी थी तो साढे चार साल तक क्या किया? जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार विधान परिषद की घोषणा कर चुकी थी।
राठौड़ ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान में सोलर पार्क के नाम पर जमीन खरीदी है। गहलोत सरकार इतनी पाक साफ है तो हरियाणा सरकार की तरह मामले की जांच कराएं।
राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि दूर-दूर तक तीसरे मोर्चे का यहां कोई स्कोप नहीं है। सुराज संकल्प यात्रा में भाजपा नेता घनश्याम तिवाड़ी की दूरी के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि तिवाड़ी हमारे नेता हैं। वे नदारद नहीं हैं। उन्हें जो काम सौंपा जाता है, वे करते हैं। इस समय वे घोषणा पत्र जैसी महत्वपूर्ण कमेटी में सदस्य हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top