भिक्षा मांग गोमाता के लिए धन संग्रह
बाड़मेर
ग्रेड-पे में सुधार और तृतीय पदोन्नति राजपत्रित करने की मांग को लेकर मंत्रालयिक कर्मचारी पिछले 22 दिनों से सामूहिक अवकाश पर रहकर कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। गांधी चौक में मंत्रालयिक कर्मचारियों ने गुरुवार को बैठक आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारी नेता भीखाराम चौधरी, अशोक शर्मा व पीराराम शर्मा ने कहा कि सरकार के खिलाफ यह संघर्ष अंतिम दौर में एवं निर्णायक स्थिति में है। वक्ताओं ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की आयोजित दिल्ली की बैठक में सांसद हरीश चौधरी, बी.डी. कल्ला, जितेन्द्र सिंह व मोतीलाल वोरा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कर्मचारियों की तीन सूत्री मांगों से अवगत कराया।
उप संयोजक पीराराम शर्मा ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारी गांधीचौक में एकत्रित होकर कलेक्टर कार्यालय तक दान पात्र लेकर भीख मांगकर 21 हजार 151 रुपए एकत्र किए। इसके बाद एकत्र राशि को कर्मचारियों ने गोपाल गोशाला में भेंट की। संयोजक बाबूलाल संखलेचा ने कर्मचारियों से कहा कि मंत्रालयिक कर्मचारियों ने भीख मांग कर जनता को यह संदेश दिया कि राज्य का मुखिया छोटे कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। इसलिए सरकार की अब उलटी गिनती प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेश प्रतिनिधि भीखाराम चौधरी ने कहा कि मंत्रालयिक संवर्ग पूरे राज्य में एकजुट है। यही नहीं जल्द ही सचिवालय, न्यायालय, आरपीएससी के कर्मचारी भी सामूहिक अवकाश पर आ जाएंगे। उप संयोजक शर्मा ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारियों के संगठन में शिक्षक संघ प्राथमिक व माध्यमिक के राधेश्याम रामावत ने मंत्रालयिक कर्मचारियों को सहयोग देने की घोषणा दी।
सहायक कर्मचारियों के नेता खीमसिंह ने कहा कि आगामी प्रदर्शन में सहायक कर्मचारी समर्थन करेंगे। महासंघ के जिलाध्यक्ष बालसिंह ने कहा कि वे कर्मचारियों के साथ है।
आज प्रदर्शन कर पुतला जलाएंगे
संयोजक बाबूलाल संखलेचा ने कहा कि जिले के मंत्रालयिक कर्मचारी शुक्रवार गांधी चौक में सुबह 9.30 बजे एकत्रित होकर कलेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर पुतला जलाएंगे। इसमें जिलेभर के मंत्रालयिक कर्मचारियों के साथ सहायक कर्मचारी भी सहयोग देंगे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें