बाल-बाल बचे विमान यात्री
उदयपुर।
उदयपुर के महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर शनिवार रात मुम्बई जाने वाले यात्री बाल-बाल बचे। टेक ऑफ के दौरान जोर की आवाज हुई और विमान अचानक झटके के साथ रूक गया। यात्री सहम गए। तुरंत ही सेवा निरस्त कर दी गई। यात्रियों को बताया गया कि विमान से पक्षी के टकरा जाने से उड़ान संभव नहीं है। लेकिन, यात्रियों ने बताया कि उन्होंने विमान का टायर फटे हुए देखा। हादसा रात 8.20 बजे जेट एयरवेज के मुम्बई जाने वाले विमान के साथ हुआ।
इस विमान में 50 से अघिक यात्री सवार थे। इनमें कई विदेशी सैलानी भी थे। विमान रन-वे पर दौड़ा और ठीक उड़ने से पहले ही जोरदार आवाज से उसे रूकना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि उतरते समय उन्होंने टायर फुस्स देखा। दूसरी ओर, एयरपोर्ट पर यह घोषणा की गई कि पक्षी टकराने से विमान रोकना पड़ा है।
बाद में एयरपोर्ट अघिकारियों ने भी पक्षी टकराने की बात कही। रात साढ़े आठ बजे अचानक उड़ान निरस्त होने से यात्री परेशान हुए। कई यात्रियों को अपने परिजनों को फिर से एयरपोर्ट बुलाना पड़ा। जिन लोगों को रात को मुम्बई पहुंचकर अगली फ्लाइट लेनी थी, उनकी पूरी यात्रा स्थगित हो गई।
कहा यात्रियों ने
जोर की आवाज से सभी यात्री सहम गए। उतरने के बाद हमने टायर पिचका देखा। पक्षी के टकराने की उद्घोषणा के साथ एक बार टायर फटने की भी उद्घोषणा हुई। विदेशी सैलानी भी पुनर्भरण के लिए परेशान रहे। रात होने से लौटना भारी पड़ गया। जेट एयरवेज के कार्यालय में एक प्रेग्नेंट लेडी डयूटी पर थी, सभी उससे जवाब तलब करने लगे, बाद में महिला यात्रियों ने उसे एक ओर ले जाकर बिठाया। रात एक बजे मुम्बई से हांगकांग की फ्लाइट लेनी थी, लेकिन यात्रा निरस्त करनी पड़ी है।
मंजू सोमाणी व सिद्धार्थ सोमाणी, यात्री
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें