8 सितंबर तक चलेगी सुराज संकल्प यात्रा 
जयपुर/माउंट आबू 
भाजपा सुराज संकल्प यात्रा का समापन 8 सितंबर को जयपुर में होगा। समापन के अवसर पर जयपुर में होने वाली विशाल जनसभा में भाजपा चुनाव समिति के अध्यक्ष व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भाग लेंगे। इससे पहले यह यात्रा 11 अगस्त को समाप्त होनी थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए इसे एक माह के लिए और बढ़ा दिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे की मौजूदगी में सोमवार को माउंट आबू में चिंतन बैठक हुई। बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी और भाजपा विधायक दल के सचेतक राजेंद्र राठौड़ ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। कप्तानसिंह सोलंकी ने बताया कि प्रदेशभर में सुराज संकल्प यात्रा के प्रति लोगों में गजब का उत्साह है। चिंतन बैठक में यात्रा के प्रभारियों से लिए फीडबैक में सामने आया है कि महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार और बढ़ते अपराधों से प्रदेश की जनता जबर्दस्त आहत है। लोगों के अपार उत्साह को देखते हुए यात्रा की अवधि एक माह और बढ़ा दी है। सोलंकी ने बताया कि 4 अप्रैल को चारभुजा से शुरू हुई यह यात्रा अब 8 सितंबर को जयपुर में समाप्त होगी। समापन समारोह में प्रदेश के सभी 46 हजार पोलिंग बूथ पर 10 युवाओं व महिलाओं की टीम बना कर करीब 4 लाख 60 हजार कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम सम्मिलित करने का संकल्प लिया गया। गुजरात के सांसद व संगठन मंत्री मनसुख भाई मोडवारिया ने बताया कि बताया कि चार राज्यों सहित आगामी लोकसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी के साथ राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्योदान सिंह, वी. सतीश, प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरण माहेश्वरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दिगंबर सिंह, अर्जुन मेघवाल, ओंकार सिंह लखावत, सतीश पूनिया रामचरण बोहरा, राम सिंह कस्वां पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह और भाजपा कार्यालय प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा मौजूद थे। वसुंधरा राजे की मौजूदगी में माउंट आबू में चिंतन बैठक हुई। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top