भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व बीकानेर सांसद ने कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा 
बालोतरा
सुराज संकल्प यात्रा को लेकर रविवार को स्थानीय डाक बंगले में प्रेसवार्ता का आयोजन हुआ। प्रेसवार्ता में जोधपुर संभाग में यात्रा की जिम्मेदारी निभा रहे यात्रा प्रभारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत व बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल स्थानीय पत्रकारों से रूबरू हुए। 
लखावत ने जोधपुर संभाग में यात्रा की निर्धारित सभाओं व समय के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संभाग में यात्रा दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में यात्रा 1015 किलोमीटर का सफर तय करेगी, जिनमें 17 सभाएं, 17 विधानसभा क्षेत्र व 4 जिले सम्मिलित है। यात्रा 11 जुलाई से प्रदेशाध्यक्ष के तनोट माता दर्शन के बाद जैसलमेर होते हुए रवाना होगी, जो 11 को रामदेवरा व जैसलमेर, 12 को शिव व बाड़मेर, 13 को चौहटन, 14 को बायतु से होते हुए बालोतरा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम नाकोड़ा तीर्थ पर होगा। इसके बाद यात्रा सिवाना, जालोर, आहोर होते 18 जुलाई को पिंडवाड़ा में समाप्त होगी। दूसरा दौर 24 जुलाई को सुमेरपुर, पाली से शुरू होकर 30 जुलाई को जोधपुर में खत्म होगा। इस दौरान कुल 33 विधानसभा क्षेत्र में यात्रा भ्रमण करेंगी। लखावत ने कांग्रेस की सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने बातों ही बातों में इतना भी कह दिया कि सोनिया भाभीजी को अब पीहर चले जाना चाहिए। बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल ने भ्रष्टाचार तथा हाल ही कांग्रेस शासन में हुए घोटालों को एक-एक कर गिनाया। उन्होंने कहा कि सारे घोटालों में कांग्रेस सरकार का हाथ है। उन्होंने यूपीए की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, रेल मंत्री पवन बंसल, कानून मंत्री आदि पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने हाल में घटित हुए सरबजीत के मामले में कहा कि कांग्रेस ने भारत की साख को कमजोर कर दिया है और विदेशों में भारत की नाक कटा दी है। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top