दुष्कर्म की वारदातों से झुका सिर: सोनिया
संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि देश में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे दुष्कर्म व हिंसा की वारदातों से हमारा सिर शर्म से झुक जाता है। कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों पर कुठाराघात करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन पर हो रही ज्यादतियों पर अंकुश लगाने के लिए नया बिल जल्द ही पास किया जाएगा। वह शुक्रवार को हरियाणा के सोनीपत में भक्त फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी को बधाई देते हुए सोनिया ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण व उत्थान के लिए समर्पित होकर सभी को सार्थक प्रयास करने होंगे। हरियाणा अपने ढंग की धरती है। यहां पर प्रगतिशील सोच के साथ ही दकियानूसी सोच के लोग भी रहते हैं। शिक्षा के प्रसार से दकियानूसी सोच वाले लोगों का नजरिया बदलना होगा, जिससे समाज में कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बजट में महिला बैंक की स्थापना करने का निर्णय लियाहै, जिसका संचालन महिलाओं द्वारा ही किया जाएगा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें