सोनिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी 
नई दिल्ली। 
भाजपा और संघ के नेताओं के विवादित बयान जारी हैं। संघ प्रमुख मोहन भागवत के बाद अब भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए अपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया है। 
ठाकुर ने अपने फेसबुक पेज पर बिना नाए लिए सोनिया गांधी के लिए "डायन" शब्द का इस्तेमाल किया है। यही नहीं ठाकुर ने फिल्म निर्देशक महेश भट्ट,अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा,सनी लियोन और पूनम पाण्डे पर भी तंज कसे हैं। 
ठाकुर संघ प्रमुख मोहन भागवत के भारत और इंडिया के फर्क को समझाते हुए फेसबुक पेज पर लिखते हैं कि इंडिया वो है जहां डर्टी पिक्चर को राष्ट्रीय अवॉर्ड मिलता है। इंडिया वो है जहां महेश भट्ट अपनी बेटी के साथ सेक्स की बात करते है। इंडिया वो है जहां शर्लिन चोपड़ा प्ले ब्वॉय मैगजीन के लिए न्यूड फोटो खिंचवाती है और कहती है कि अगर मेरे पिता जिंदा होते तो उन्हें मुझ पर गर्व होेता।
इंडिया वो हैं जहां पूनम पाण्डे जैसी महिलाएं खुले रूप से न्यूड होने की बात कहती है। इंडिया वो है जहां मीडिया विदेशी पोर्न स्टार का जन्म दिन मनाता है। पोस्ट की आखिरी में एक लाइन लिखी हुई है,जिसमें कहा गया है कि इंडिया वो है जहां देश के बड़े नेता एक डायन के हाथ की कठपुतली बने हुए हैं। उनका इशारा साफ तौर पर सोनिया गांधी की ओर था। 
अनुराग ठाकुर भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह हिमाचल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे हैं। 
ठाकुर के बयानों पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित का कहना है कि ऎसे बयान भाजपा की मानसिकता को दर्शाते हैं। भाजपा नेता यह तय करना चाहते हैं कि अच्छी संस्कृति क्या है?

दूसरी किसी भी चीज को वे कमतर और अनैैतिक मानते हैं। कांग्रेस नेता शकील अहमद ने कहा है कि हिमाचल में अपने पिता की हार से ठाकुर का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। हीन भावना से ग्रस्त बीमार मानसिकता का व्यक्ति ही ऎसे बयान देता है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने हंसते हुए कहा कि मैं मीडिया और कांग्रेस को सलाह देता हूं कि वे फेसबुक पर कमेंट पढ़ने में अपना वक्त जाया न करें।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top