सिन्हा ने मांगा गडकरी का इस्तीफा 
नई दिल्ली।
भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी का इस्तीफा मांगा है। सिन्हा ने कहा,मुद्दा यह नहीं है कि गडकरी दोषी हैं या नहीं। सार्वजनिक जीवन में जो लोग हैं उन्हें आरोपों से दूर रहना चाहिए।
उधर,पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी का इस्तीफा मांगने से नाखुश भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा से अपने बयान पर फिर से विचार करने को कहा है। पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सिन्हा के सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने को पार्टी उचित नहीं मानती और उनसे अपने बयान पर पुर्नविचार करने की अपील करती है। उन्होंने कहा कि सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और वह पार्टी के विभिन्न मंचों पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी उनसे आग्रह करती है कि वह अपनी टिप्पणी पर फिर से विचार करें। 
उल्लेखनीय है कि सिन्हा ने कहा है कि गडकरी को पूर्ति समूह को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के मद्देनजर पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा है कि मामला यह नहीं है कि वह दोषी हैं या नहीं लेकिन जो व्यक्ति सार्वजनिक जीवन में हैं उन्हें संदेह से परे होना चाहिए। इससे पहले उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और पार्टी के वरिष्ठ नेता राम जेठमलानी भी गडकरी के इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। 
उनके पुत्र और भाजपा नेता महेश जेठमलानी ने भी यही मांग करते हुए पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जगदीश शेट्टीगर ने भी गडकरी के अध्यक्ष बने रहने पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं को चेतावनी दे चुकी है कि उन्हें अपने विचार सार्वजनिक मंचों पर नहीं व्यक्त करने चाहिए। लेकिन इस चेतावनी के बावजूद नेताओं का गडकरी के खिलाफ टिप्पणी करना जारी है।
उल्लेखनीय है कि गडकरी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के चलते वे पार्टी अध्यक्ष बने रहे या नहीं इस पर पार्टी बंटी हुई है। हालांकि आरएसएस के समर्थन के चलते वे अभी तक अध्यक्ष पद पर कायम हैं। भाजपा दिल्ली में मंगलवार को संसद के आगामी शीत सत्र के बारे में रणनीति पर विचार कर रही है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top