जेठमलानी का बेटा भी गडकरी के खिलाफ 

नई दिल्ली। 
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ पार्टी में विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। राजस्थान से राज्यसभा सांसद रामजेठमलानी के बाद अब उनके बेटे महेश जेठमलानी ने गडकरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महेश जेठमलानी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा अध्यक्ष को सौंप दिया है। 

जेठमलानी ने गडकरी के भाजपा अध्यक्ष पद पर बने रहने का विरोध किया है। अपने पिता की तरह महेश जेठमलानी भी मशहूर वकील है। महेश ने पत्र लिखकर कहा है कि गडकरी के अध्यक्ष पद पर रहते उनके लिए राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बने रहना नैतिक और बौदि्ध रूप से सही नहीं है। 

महेश जेठमलानी से पहले उनके पिता राम जेठमलानी ने गडकरी से इस्तीफा देने को कहा था। जब अरविंद केजरीवाल ने गडकरी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे तब राम जेठमलानी ने कहा था कि अगर मैं गडकरी की जगह होता तो अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देता। जेठमलानी यहीं नहीं रूके। उन्होंने तो यहां तक कह दिया था कि गडकरी के खिलाफ उनके पास भी सबूत हैं। उल्लेखनीय है कि संघ भी गडकरी से दूरी बनाकर चल रहा है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top