सहवाग और पुजारा के नाम रहा पहला दिन
अहमदाबाद।
अहमदाबाद में खेले जा रहे पहले टेस्ट में टीम इण्डिया ने पहले दिन का खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 323 रन बनाए। पहला दिन वीरेन्द्र सहवाग और चेतेश्वर पुजारा के नाम रहा। सहवाग ने शानदार 117 रन बनाए जबकि पुजारा 98 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। गौतम गंभीर ने 45 रन का योगदान दिया। ग्राम स्वान के अलावा इंग्लैण्ड का कोई गेंदबाज नहीं चल पाया। तेज गेंदबाज तो विकेट को तरस गए। स्वान ने 32 ओवर में सिर्फ 85 रन देकर चार विकेट झटके।
गंभीर फिफ्टी से चूके
टीम इण्डिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। सहवाग और गंभीर ने टीम इण्डिया को अच्छी शुरूआत दी। भारत को पहला झटका गौतम गंभीर के रूप में
लगा। गंभीर फिफ्टी बनाने से चूक गए। उन्होंने 111 गेंद में 4 चौकों की मदद से 45 रन बनाए। स्वान ने गंभीर को अपना शिकार बनाया। सहवाग और गंभीर ने पहले विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी की।
इंग्लैण्ड के खिलाफ दूसरा शतक
गंभीर के आउट होने के बाद सहवाग ने चौके के साथ अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 117 गेंदों में 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 117 रन बनाए। सहवाग की यह 23 वीं टेस्ट सेंचुरी है। इंग्लैण्ड के खिलाफ उनका दूसरा टेस्ट शतक है। 2002 में उन्होंने नॉटिंघम में इंग्लैण्ड के खिलाफ पहला टेस्ट शतक लगाया था।
2 साल बाद सहवाग का शतक
सहवाग ने करीब दो साल बाद टेस्ट में शतक लगाया है। 4 नवंबर 2010 को न्यूजीलैण्ड के खिलाफ सहवाग ने आखिरी शतक लगाया था। वह 173 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद सहवाग ने 9 अर्धशतक लगाए लेकिन उनको शतक में तब्दील नहीं कर पाए। सहवाग ने गौतम गंभीर के साथ 11 वां शतक लगाया है। उन्होंने गावस्कर और चौहान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गावस्कर और चौहान ने 10 शतक लगाए थे।
भारत को तीसरा झटका सचिन तेंदुलकर के रूप में लगा। वह 18 गेंद में 13 रन बनाकर चलते बने। उनका विकेट भी स्वान ने ही झटका। चौथा विकेट विराट कोहली के रूप में गिरा। स्वान ने कोहली को अपना शिकार बनाया। कोहली ने 67 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए।
हरभजन सिंह बाहर
हरभजन सिंह को पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। भज्जी को करीब एक साल बाद टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। बुखार से पीडित ईशांत शर्मा को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। जुलाई-अगस्त में जब टीम इण्डिया इंग्लैण्ड दौरे पर गई थी तब उसे टेस्ट सीरीज में 4-0 से करारी शिकस्त मिली थी।
ऎसे में टीम इण्डिया इंग्लैण्ड को हराकर हिसाब चुकता करना चाहेगी। इंग्लैण्ड ने भारत में 28 साल पहले टेस्ट सीरीज जीती थी। इसलिए वह भी इतिहास दोहराने की कोशिश करेगी। भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 103 टेस्ट मैच खेले गए हैं जिनमें से 19 में भारत को जीत मिली है जबकि 38 मैचों में इंग्ल्ौंड ने बाजी मारी है। 46 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें