एनसीसी कैडेट्स ने निकाली रैली
जैसलमेर
एनसीसी के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में भाग लेने आए कैडेट्स ने शुक्रवार को स्वर्णनगरी का भ्रमण किया। साथ ही जागरुकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीवों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। रैली को डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल बीजे गोस्वामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैडेट्स ने सोनार दुर्ग, जैन मंदिर, शहर के दर्शनीय स्थल, पटवा हवेली, सालमसिंह की हवेली तथा गड़सीसर सरोवर का भ्रमण किया। कैम्प कमांडेंट कर्नल संजय सांगवान ने कैडेट्स की हौसला अफजाई की तथा कैडेट्स से आह्वान किया कि मरु नगरी की सांस्कृतिक विरासत एवं यहां के साम्प्रदायिक सद्भाव का संदेश अपने अपने प्रांत में फैलाएं।
शिविर के सांयकालीन सत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रदर्शन अमर राय ने किया। राय ने रंगबिरंगे क्राफ्ट पेपर के माध्यम से फूल, मालाएं, तोरण, अंग्रेजी के अक्षर, एवं अन्य सजावटी सामग्री बनाने का तरीका बताया। शिविर प्रभारी संजय सांगवान ने व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रीय एकीकरण में एनसीसी कैडेट्स द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत की बहुआयामी संस्कृति में एनसीसी कैडेट्स को अपने आप में ढालकर समाज एवं आसपास के परिवेश में एकता एवं अनुशासन का संदेश दे। शनिवार को प्रात कालीन सत्र में समूह गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें