21 साल पुराना इतिहास दोहरा पाएंगे देवगन? 
मुंबई। 
आज से 21 साल पहले फिल्म स्टार अजय देवगन ने एक इतिहास रचा था। 22 नवंबर 1991 को अजय देवगन स्टारर "फूल और कांटे"और मशहूर फिल्म निर्देशक यश चौपड़ा की "लम्हें" एक साथ रिलीज हुई थी। फूल और कांटे ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। फूल और कांटे के बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने के बाद अजय देवगन बड़े स्टार बन गए। 
वहीं श्रीदेवी और अनिल कपूर स्टारर लम्हें बुरी तरह फ्लॉप हो गई। फूल और कांटे के सारे गाने सुपर हिट हुए। लम्हें के भी दो गाने हिट हुए लेकिन वे उतना असर नहीं छोड़ पाए। लम्हें के फ्लॉप होने से यश चौपड़ा को तगड़ा झटका लगा। उन्होंने 21 साल तक अजय देवगन को अपनी फिल्म में नहीं लिया। जिस वक्त फूल और कांटे रिलीज हुई तब तक अजय देवगन और मधु को कोई जानता तक नहीं था। फिल्म के निर्देशक कुक्कू कोहली भी अपनी पहचान बने में लगे थे। लोगों को लग रहा था कि लम्हें की आंधी में फूल और कांटे गुम हो जाएगी लेकिन जो हुआ उसने इतिहास रच दिया। 

ठीक 21 साल बाद अजय देवगन की सन ऑफ सरदार और दिवंगत यश चौपड़ा की जब तक है जान एक साथ नवंबर में दीवाली पर रिलीज हो रही है। जब तक है जान में बॉलीवुड के सुपर स्टार शाहरूख खान,कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा हैं। वहीं सन ऑफ सरदार में अजय देवगन,संजय दत्त और सोनाक्षी सिन्हा हैं। जहां जब तक है जान एक रोमांटिक फिल्म है वहीं सन ऑफ सरदार कॉमेडी फिल्म है। दोनों फिल्मों के गाने अच्छे हैं। अब देखना है कि लोग दोनों में से किस फिल्म को सिर आंखों पर लेते हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top