देवी मंदिरों में रात्रि जागरण व धार्मिक अनुष्ठान जारी
बाड़मेर
नवरात्र के चौथे दिन शुक्रवार को धार्मिक अनुष्ठान का दौर जारी रहा। आठ दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर मंदिरों व घरों में भक्त श्रद्धा से पूजा के साथ सुख समृद्धि की कामना कर रहे हैं। नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह-शाम मां दुर्गा की आरती में भक्तों की कतारें लगी रहीं। वहीं विभिन्न जगहों पर रात्रि जागरण सहित गरबा महोत्सव में देवी के भक्त उत्साह से भाग ले रहे हैं।
मां अंबे के नाम भजन संध्या आज :
जोगमाया गढ़ मंदिर प्रांगण में एक शाम मां अंबे के नाम भजन संध्या शनिवार रात दस बजे गोपालदास खूबचंदानी परिवार के सानिध्य में आयोजित होगी। सर्व सिंधी समाज महासभा जिलाध्यक्ष भगवानदास आसवानी ने बताया कि इस आयोजन में जोधपुर के गायक कलाकार तिलोक सिंह (नगसा) व लेखा सोनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। मनोज कुमार खूबचंदानी ने बताया कि आयोजन को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों व फर्रियों से सजाया गया है।
नागाणा में जागरण आज :
नागाणा गांव स्थित अखिल भारतीय राठौड़ वंश की कुलदेवी मां नागणेच्या माताजी धाम, नागाणा में शुक्रवार को दूरदराज से आए भक्तों ने धोक लगाई। नवरात्र के उपलक्ष्य में आचार्य वीरेंद्र कृष्ण विधि विधान से अनुष्ठान करवा रहे हैं। शनिवार रात गिरधारी सिंह राठौड़ (बीकानेर) की ओर से रात्रि जागरण का आयोजन होगा। जिसमें गोटन के मुकेश वैष्णव भजनों की प्रस्तुति देंगे। समारोह में संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर एवं विधायक नोखा भी उपस्थित होंगे। रविवार को ट्रष्ट की विशिष्ठ उपाध्यक्ष हेमलता राजे सवा ग्यारह बजे नव दुर्गा स्वरूप नौ कन्याओं, बटुक भैरव व गणपति पूजन किया जाएगा। अध्यक्ष उम्मेद सिंह आराबा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलपत सिंह, महामंत्री राजेंद्र सिंह, प्रवक्ता श्याम सिंह, रामसिंह सिणली सहित पदाधिकारी, सदस्य व कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं।
नवरात्र महोत्सव की धूम : हमीरपुरा मठ में नवरात्र महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मां अंबे की मूर्ति का आकर्षक शृंगार किया गया। मठ के महंत नारायणपुरी ने बताया कि सुबह व शाम महाआरती होती है। प्रसादी वितरण भामाशाह पारस बोथरा, पार्षद सुरेश, अशोक बोथरा की ओर से किया जा रहा है। मठ व्यवस्थापक दिनेश दवे ने बताया कि मंदिर को आकर्षक सजाया गया है। नवरात्र को लेकर अखंड ज्योत व पाठ किए जा रहे हैं। मठ के भ्क्त लूणसिंह झाला, उगमसिंह, बाबूमाली, मदन सिंघवी, अमरसिंह चौधरी, विजय सिंह व सवाई सोनी सहयोग कर रहे हैं।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें