गडकरी की दूसरी पारी मुश्किल!
नई दिल्ली।
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नितिन गडकरी का दोबारा भाजपा अध्यक्ष बनना मुश्किल लग रहा है। संघ ने गडकरी से भ्रष्टाचार के आरोपों पर सफाई मांगी है। एक निजी चैनल के मुताबिक संघ का मानना है कि अगर गडकरी अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर अच्छे तरीके से सफाई नहीं देते हैं तो उनको दोबारा अध्यक्ष नहीं बनाया जाए।
इस बीच राजस्थान से राज्यसभा सांसद रामजेठमलानी ने गडकरी से इस्तीफा देने को कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष पर लगे नए आरोप काफी गंभीर है। उन्हें दोबारा अध्यक्ष बनने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए। अगर गडकरी को दोबारा अध्यक्ष बनाया गया तो इससे यह संदेश जाएगा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार से समझौता कर लिया है। इसलिए गडकरी जब तक बेदाग साबित नहीं हो जाते उन्हें अध्यक्ष पद से हटा देना चाहिए। इससे पहले भी जेठमलानी गडकरी को अध्यक्ष पद से हटाने की बात कह चुके हैं। जेठमलानी ने कहा था कि उनके पास भी गडकरी के खिलाफ सबूत हैं। अगर अरविंद केजरीवाल गडकरी के खिलाफ सबूत देते हैं तो वह उनका साथ देंगे। इन सबके बीच पार्टी अभी भी गडकरी के साथ खड़ी है। भाजपा प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष पर लगे आरोपों को लेकर पार्टी कई बार सफाई दे चुकी है। अगर और सफाई की जरूरत होगी तो हम देंगे। पार्टी के लिए कोई मुश्किल नहीं है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें