मोदी को टक्कर दे पाएंगे राहुल गांधी?
नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही चुनावी माहौल गरमा गया है। मोदी ने विवेकानंद युवा विकास यात्रा के जरिए चुनावी बिगूल फूंक दिया है। उधक कांग्रेस मोदी को चुनौती देने के लिए राहुल गांधी को मैदान में उतारने जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या राहुल गांधी गुजरात में मोदी को चुनौती दे पाएंगे?
राहुल गांधी ने यूपी में विधानसभा चुनाव के दौरान जमकर प्रचार किया था। राहुल ने कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था लेकिन वह सफल नहीं हो पाए थे। इससे पहले बिहार में विधानसभा चुनाव में भी राहुल ने जमकर प्रचार किया था लेकिन कांग्रेस की हालत और बुरी हो गई।
यूपी की तरह नहीं करेंगे तूफानी दौरे
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगे। हालांकि वह कुछ विधानसभा क्षेत्रों में ही प्रचार करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी उस तरह के तूफानी दौरे नहीं करेंगे जैसे उन्होंने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किए थे। हालांकि गुजरात में कांग्रेस ज्यादा मजबूत है लेकिन उसके पास मोदी को चुनौती देने के लिए कोई बड़ा नाम नहीं है।
स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जाएगा चुनाव
राहुल गांधी गुजरात में प्रचार करेंगे या नहीं इस पर कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि हर प्रदेश में चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जाता है। कांग्रेस के जिन वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है वे वहां जाएंगे। गुजरात कांग्रेस चुनावी मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मोदी न कर पाएं मतों का ध्रुवीकरण
कांग्रेस ने गुजरात में मोदी के खिलाफ बड़ी सावधानीपूर्वक रणनीति बनाई है। कांग्रेस स्थानीय और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस मोदी को इस बात का मौका नहीं देना चाहती कि वह हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर मतों का ध्रुवीकरण कर पाए।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें