जयपुर में महिलाओं पर लाठीचार्ज 
जयपुर। 
jaipur-jdaराजस्थान की राजधानी में अमानीशाह नाले में अवैध निर्माण ध्वस्त करने के विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच संघर्ष ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों यहां त्रिवेणी नगर स्थित रिद्धी-सिद्धी रोड को जाम कर दिया,मौके पर पहुंची पुलिस को रास्ता खुलवाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पुलिस पर पथराव किया और मामला उग्र होता गया। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा जिसमें एक महिला जख्मी हो गई। जानकारी के अनुसार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस झड़प में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी यहां पर रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया था,जिससे राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। 

रफ्तार नहीं पकड़ पाई कार्रवाई
अमानीशाह नाले से अतिक्रमण हटाने के अभियान में निकले जेडीए का जोश मंगलवार को ढीला नजर आया। तीन-चार दिन पहले शुरू हुई कार्रवाई नीरजा मोदी और ग्रासफील्ड के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई। जेडीए की ओर से नीरजा मोदी स्कूल के हॉस्टल और स्वीमिंग पूल में अधूरी कार्रवाई पर लीपापोती की गई। जेडीए दस्ते ने दोपहर करीब 12 बजे हॉस्टल की बाकी छत और स्वीमिंग पूल के आधे हिस्से को ध्वस्त किया। मौके पर पहुंचे जेडीए दस्ते ने पूल के बहाव में आने वाले आधे हिस्से को नाले में मिला दिया, साथ ही ग्रासफील्ड क्लब में बाकी तोड़फोड़ को भी पूरा किया।
इससे पूर्व सोमवार को ग्रासफील्ड क्लब में कार्रवाई के बाद जेडीए ने आगे नोटिस देकर निर्माण तोड़ने की दलील देनी शुरू कर दी। अब तक कार्रवाई के नाम पर कुछ चारदीवारी और खाली जगहों पर जेडीए ने अपनी पीठ थपथपाने की कोशिश की है। हैरत तो यह है कि फिर जेडीए ने सेंटर लाइन को लेकर खुद ही अड़ंगा लगा दिया है, अभी यह तय नहीं हो पा रह है कि पीलर कहां गाड़े जाएं और कहां तोड़फोड़ की जाए।

बुधवार को खत्म होगा समय
जेडीए की प्रवर्तन शाखा के अफसरों का कहना है कि श्याम नगर स्थित नाले की जमीन पर बन चुकी ऎरा ग्रुप की बहुमंजिला इमारत को भी गिराया जाएगा। इसके लिए बुधवार तक का समय दिया गया है, कंपनी को नोटिस दे दिया गया है। 

रसूखदारों के निर्माण बचाने के आरोप
अमानीशाह नाले के बहाव क्षेत्र में आ रहे रसूखदारों के निर्माणों को बचाने की जेडीए अघिकारियों की कोशिश सोमवार को खुले में दिखाई दी। जेडीए प्रवर्तन शाखा की ओर से तीन दिन पहले दिए गए नोटिस में क्लब ग्रास फील्ड की इमारत के जिस हिस्से को बहाव क्षेत्र से बाहर बताया गया था,वही एमएनआईटी विशेषज्ञों की ओर से किए गए सीमांकन में बहाव क्षेत्र में निकला। सोमवार को भी जेडीए की ओर से गलत नपाई किए जाने से गफलत की स्थिति पैदा हो गई। 
हालांकि जेडीए के अति.आयुक्त अनिल अग्रवाल ने बताया कि किसी भी इमारत को बचाने की कोशिश नहीं की गई और न ही इसमें जेडीए कर्मचारी की भूमिका है। गफलत में ऎसा हुआ। दूसरा पिलर लगाने के बाद ही नपाई की जानी है। उधर,जेडीए की कार्यवाहक सचिव शुचि शर्मा ने कहा, मामला मेरी जानकारी में नहीं है। यदि किसी की भूमिका सामने आई तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। किसी भी हालत में गलत नहीं होने दिया जाएगा।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top