देखिये फोटो में बाड़मेर बंद सफल, बालोतरा में मिलाजुला असर
बाड़मेर
केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में की गई डीजल कीमतों में बढ़ोतरी व घरेलू एलपीजी गैस पर सब्सिडी घटाते हुए सिलेंडरों की संख्या कम करने के साथ ही घरेलू किराणा में विदेशी निवेश को मंजूरी दिए जाने के विरोध में गुरुवार को बाड़मेर बंद रहा। भाजपा की ओर से भारत बंद के आह्वान पर शहर सहित जिलेभर में बंद का मिला-जुला असर रहा। बाजारों में कार्यकर्ता दल के रूप में घूमते हुए नजर आए। ग्रामीण इलाकों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने मार्केट बंद करवा राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। वही बालोतरा में कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की ओर से पेट्रोलियम पदार्थों एवं रसोई गैस के मूल्यों में बढ़ोतरी तथा एफडीआई जैसे निर्णय लागू करने के विरोध में भाजपा के राष्ट्र व्यापी बंद के आह्वान पर बालोतरा सहित आस-पास के कस्बों में बाजार बंद रहा। हालांकि बालोतरा में बंद का मिलाजुला असर दिखा, मगर आस-पास के कई कस्बों में पूर्ण बंद रहा। बालोतरा में पूर्व गृह राज्यमंत्री अमरा राम चौधरी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर तहसीलदार विवेक व्यास को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। गुरुवार सवेरे से ही बंद को लेकर भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय रेस्ट हाउस के आगे जुटने शुरू हो गए। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में बाजार बंद करवाने के लिए निकले। प्रथम रेलवे फाटक से हनुवंत सराय तक व पुराना बस स्टैंड से बाजार तक कार्यकर्ताओं ने घूम कर प्रतिष्ठानों को बंद करवाया। इसके बाद कार्यकर्ता उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर पूर्व गृह राज्यमंत्री अमरा राम चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री गोविंद मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष भूर सिंह मूंगड़ा, जिला महिला मंडल अध्यक्ष आशा अग्रवाल, नगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानीसिंह टापरा, नगरपालिका अध्यक्ष महेश बी चौहान, उपाध्यक्ष रामलाल पुरोहित, भाजपा नेता मदन चौपड़ा, भोमाराम पंवार, पार्षद पुष्पराज चौपड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने यूपीए सरकार को आड़े हाथों लेते हुए महंगाई व बेरोजगारी के लिए कोसा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में तहसीलदार विवेक व्यास को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अमरा राम सुंदेशा, दुर्गादेवी सोनी, गोपाल पारीख, नेमीचंद माली, प्रताप सिंधि, रामचंद्र, जेठू सिंह, नैना राम माली, चांदमल चांडक, केवलचंद घांची, रोहित सोलंकी, श्यामसिंह मेवानगर, एडवोकेट विक्रम चारण, भगवतसिंह मेवानगर, भंवरसिंह राजपुरोहित, सुशीलादेवी, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेश गहलोत, खेताराम प्रजापत, हरिसिंह उमरलाई, केवलचंद जटिया, किसान नेता तगाराम चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
टोलियां बनाकर घूमे भाजपाई:
बाड़मेर बंद के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मेजर पर्वतसिंह के नेतृत्व में पूर्व प्रदेश मंत्री स्वरूपसिंह चाडी, रतनलाल बोहरा, मृदुरेखा चौधरी, पहाड़सिंह महेचा, प्रागसिंह सोढ़ा, वीरसिंह भाटी, स्वरूपसिंह खारा, अमिता चौधरी, मूलाराम भांभू, पूर्व विधायक तगाराम चौधरी, कैलाश बेनीवाल व लक्ष्मण वडेरा ने अहिंसा सर्किल, मानाराम चौधरी, हेमाराम डऊकिया, हरलालसिंह राजपुरोहित व पीराराम गोदारा ने चौहटन चौराहा, करणसिंह भाटी, भरत शर्मा, मिरचूमल कृपलानी, प्रकाश सर्राफ, बिहारीलाल टाक, उदयभानुसिंह चाडी, खुमाणसिंह सोढ़ा, सुरेश मोदी, धनराज सोनी, बद्रीप्रसाद शारदा व सुखदेव सोनी ने गांधी चौक से सब्जी मंडी, कैलाश मेहता, बाबूलाल भार्गव, राजेश चौधरी, स्वरूपसिंह आगोर व रामसिंह बोथिया ने ढाणी बाजार, राणसिंह चूली, लक्ष्मण जीनगर, महावीरसिंह चूली, कैलाश आचार्य, श्रवण मालू, रामदान चारण, ओम त्रिवेदी व हरिसिंह लेघा ने तनसिंह सर्किल तथा संपतलाल आचार्य, पुखराज आचार्य, मदन बोहरा, मदन बोथरा व पुरखसिंह ने गडरा चौराहा क्षेत्र में भ्रमण कर बंद के लिए अपील की। मेजर दलपत शक्ति संगठन के सदस्यों ने भी उपाध्यक्ष रामसिंह गंगासरा के नेतृत्व में दुकानें बंद करवाते हुए बंद को समर्थन दिया।
बंद को मिला समर्थन
लगातार बढ़ रही महंगाई के बावजूद तेल-गैस के दामों में बढ़ोतरी और खुदरा बाजार में विदेशी कंपनियों को व्यापार करने के लिए एफडीआर को मंजूरी के विरोध में आयोजित भारत बंद को शहरवासियों का पूरा समर्थन मिला। विशेषकर सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या में कमी करने के चलते आम आदमी भी बंद के साथ नजर आया।
ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का मिलाजुला असर:
सिवाना. भाजपा की ओर से सिवाना बंद के आह्वान पर सिवाना बंद सफल रहा। व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ सब्जी मंडी, चाय की थडिय़ां, खोमचे वाले तथा छोटे-बड़े कारोबार पूर्णतया बंद रहे, जिसमें लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। गुरुवार सवेरे 9 बजे से ही गांधी चौक सर्कल पर भाजपा कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए। दोपहर 12 बजे आमसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक कानसिंह कोटड़ी ने कहा कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूब चुकी है। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हमीरसिंह भायल ने कहा कि एफडीआई लागू करने से देश का कारोबार विदेशी कंपनियों के हवाले हो जाएगा, जिससे मजदूर से लेकर फुटकर व्यापारी बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने यूपीए सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष मूलसिंह भायल, पूर्व जिला महामंत्री बाबूसिंह राजगुरु, मंडल अध्यक्ष बाबूलाल परिहार, प्रवक्ता रेवत राम गोवा, मंडल महामंत्री महेन्द्र छाजेड़, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सोहन सिंह भायल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष यासीन खां पठान, गिरधारीलाल चौधरी, तन सिंह देवंदी, जोरावरसिंह राजपुरोहित, गेब सिंह ने विचार व्यक्त किए। दोपहर 1 बजे गांधीचौक सर्कल से रैली निकाली गई। जिसमें बैलगाड़ी से पुतलों को खींचते व मनमोहनसिंह के पुतलों के साथ रैली बस स्टैंड रोड होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचीं। जहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के पुतले को जलाया गया तथा राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर खंगाराराम मेघवाल, अल्प संख्यक ब्लॉक अध्यक्ष भंवरु खां खोखर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष खेमराज व्यास, बुधाराम, व्यापारी एसोसिएशन उपाध्यक्ष सतीश सोनी, जोगाराम माली, मंगलाराम माली, राजेश कुमार जोशी, उत्तम सिंह राजपुरोहित, पेमाराम देवासी, संजय सिंह खींची, लक्ष्मण सिंह कोटड़ी मौजूद थे।
कल्याणपुर. भाजपा के राष्ट्र व्यापी बंद के तहत गुरुवार को कल्याणपुर कस्बा पूर्णतया बंद रहा। सवेरे से लेकर पूरे दिन व्यापारियों व ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर जलाकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से लेकर पूरे कस्बे में रैली निकाल सरकार की ओर से महंगाई, डीजल व गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ विरध प्रदर्शन किया। सरपंच दौलाराम कुआ ने कहा कि सरकार ने डीजल व रसोई गैस में बढ़ोतरी के फैसले आमजन पर बोझ डालने वाले हैं। युवा मंडल ग्रामीण अध्यक्ष मूल्तानसिंह राजपुरोहित ने कहा कि सरकार की नीतियों व कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है। इसके बाद ग्रामीणों ने बढ़ती महंगाई तथा डीजल व गैस के दामों की गई बढ़ोतरी को वापस लेने के लिए राष्ट्रपति के नाम थानाधिकारी ज्येष्ठ दान चारण को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य भाखर राम विश्नोई, चांद सिंह सरवड़ी, कोषाध्यक्ष भवानीसिंह राव, भागीरथ सिंह राजपुरोहित, पदमसिंह धर्मसर, हेमंत जैन, प्रेमसिंह पंवार, लूणाराम सेन, नरपतसिंह, घेवर सिंह राजपुरोहित, प्रवीण अराबा, जगदीश सिंह, लूणचंद बागरेचा सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शिव. उपखंड मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक डॉ. जालमसिंह रावलोत के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह का पुतला फूंक महंगाई व रिटेल में एफडीआई को निवेश की अनुमति देने का विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके गिरधरसिंह कोटड़ा, खुमाणसिंह सोढ़ा, देवीलाल कुमावत, सरपंच ईश्वरसिंह कोटड़ा, पूरणसिंह राजपुरोहित, पुरुषोत्तम खत्री, पदमसिंह राठौड़, कैप्टन हीरसिंह भाटी, भूरसिंह आगोरिया, जगदीश राजपुरोहित, चुतरसिंह धारवी, हिंदुसिंह व स्वरूपसिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
चौहटन. कस्बे में गुरुवार को पंचकौसी परिक्रमा होने के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद नहीं करवाए। मंडल अध्यक्ष मालाराम विश्नोई ने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल, तरुणराय कागा, राजाराम भादू, मांगीलाल बोथरा, रूपसिंह राठौड़ व ईसाराम दईया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
सेड़वा. भारत बंद के तहत सेड़वा तहसील मुख्यालय पूर्णतया बंद रहा। कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद करवाने के बाद तहसीलदार को ज्ञापन दिया। इस दौरान नवाब खान, साले मोहम्मद, भरतदान चारण, मंगलाराम सहित कई कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
भिंयाड़. ग्राम पंचायत उंडू में किसान संघ के स्थानीय अध्यक्ष जयनारायण व्यास, विक्रमसिंह, गिरधरसिंह व रेखाराम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह 9 से 11 बजे तक बाजार बंद करवाए।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें