राजस्थान सहित कांग्रेस शासित राज्यों में 9 सस्ते सिलेंडर
नई दिल्ली।
सोनिया ने अपने मुख्यमंत्रियों को दिया निर्देश
यह निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई पार्टी कोर ग्रुप की बैठक में किया गया। बैठक के बाद पार्टी महासचिव एवं मीडिया विभाग के प्रमुख जनार्दन द्विवेदी ने बताया कि सोनिया ने सभी कांग्रेस शासित राज्यों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां उपभोक्ताओं को हर साल छह के बजाय नौ रसोई गैस सिलेंडर देने की व्यवस्था करें।
दिल्ली पहले ही कर चुकी है ऎसी घोषणा
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस शासित दिल्ली सरकार पहले ही तीन अतिरिक्त सिलेंडर देने की घोषणा कर चुकी है। दिल्ली सरकार ने यह घोषणा राज्य को केरोसिन मुक्त करने की योजना के तहत की है।
मार्केट प्राइस पर 700 रूपए का होगा सिलेंडर
सब्सिडी वाले एक सिलेंडर की कीमत 400 रूपए है जबकि इसकी मार्केट प्राइस है 700 रूपए। अब अगर कोई परिवार तय संख्या से अधिक सिलेंडर लेगा तो उसे एक सिलेंडर 700 रूपए का मिलेगा।
सोनिया ममता से बात करना चाहती हैं
द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस ममता बनर्जी की मांगों पर विचार कर रही है और उसने ममता की पार्टी तृणमूल को संदेश दे दिया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उनसे बात करना चाहती हैं। वहीं तृणमूल नेता मुकुल रॉय ने सरकार की ओर से कोई संदेश मिलने की बात से इनकार किया।
ममता की मांगों पर हो रहा है विचार
द्विवेदी ने कहा, ममता ने कुछ मांगे रखी हैं और हम उन पर विचार कर रहे हैं। ममता ने कांग्रेस अध्यक्ष के लिए संदेश भेजा था। मुकुल रॉय को संदेश दे दिया गया है कि सोनिया उनसे बात करना चाहती हैं। पीएमओ ने भी ममता को संदेश भेजा है। कांग्रेस कोर ग्रुप ने भी इस मसले पर चर्चा की।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें