कांडा ने मिटा दिए होंगे सबूत!

नई दिल्ली। हरियाणा के विवादास्पद पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा को शनिवार को अपनी पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा (23) की आत्महत्या के संबंध में गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले 10 दिनों से भाग रहे कांडा ने सुबह चार बजे दिल्ली पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया था।
दिल्ली पुलिस ने कांडा को पूछताछ के लिए आने का नोटिस दिया था। तभी से फरार कांडा ने दिल्ली के भरत नगर पुलिस थाने के समक्ष समर्पण किया। डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) पी करूणाकरण ने कहा, कांडा ने सरेंडर कर दिया है और हमने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 
दिल्ली पुलिस ने कांडा की तलाश में हरियाणा, गोवा व पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में 60 जगह छापेमारी की। पुलिस ने इस मामले के संबंध में 30 लोगों से पूछताछ की। कांडा की मदद करने के आरोप में पुलिस ने उसके भाई गोविंद कांडा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। कांडा की एअरलाइंस में कर्मचारी अरूणा चड्ढ़ा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वह अभी न्यायिक हिरासत में है। गितिका ने पांच अगस्त को दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। उसने अपने सुसाइड नोट में गितिका ने लिखा था कि कांडा व अरूणा उसे परेशान कर रहे हैं। 

कांडा के सरेंडर पर गीतिका के भाई अंकित ने कहा, यह सुनियोजित व सोची समझी चाल है। अब मुझे इसी बात की चिंता है कि जांच निष्पक्ष होगी या नहीं। सबूत नष्ट करने के लिए 12 दिन काफी हैं। मैं चाहता हूं कि कांडा से पूछताछ कैमरे व एक रिटायर्ड जज के सामने हो ताकि वह अपना बयान बदल नहीं पाए। 

अंकित ने कहा, गीतिका का फेसबुक अकाउंट निष्क्रिय कर दिया गया है और इसके पीछे कांडा ही है। मैंने डीसीपी को इस बारे में बताया है। मैं नहीं जानता कि कौन व किसने ऎसा किया है। अंकित ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार कांडा की मदद कर रही है।

उल्लेखनीय है कि कांडा की अग्रिम जमानत याचिका दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को खारिज कर दी थी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top