भाजपा ने किया बिजली दरें बढ़ाने का विरोध 
जयपुर।
बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदेश भाजपा के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरने व प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दीं। राजधानी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन फाटक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों व कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़प भी हुई। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा, जिसमें कुछ कार्यकर्ताओं के चोटें आई हैं। 
बिजली दरों की बढ़ोतरी के विरोध में सुबह साढ़े ग्यारह बजे भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी व उपनेता प्रतिपक्ष घनश्याम तिवाड़ी की अगुवाई में पार्टी कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास की तरफ रवाना हुए। बारिश के बीच कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जैसे ही सिविल लाइंस फाटक पहुंचे, वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। यहां पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी बिजली दरों को वापस लेने की मांग की। करीब एक घण्टे तक चले प्रदर्शन के दौरान बेरिकेड्स लांघने के प्रयास में कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प व धक्का-मुक्की हो गई। 

लाठियां भांजकर पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। जिससे शहर अध्यक्ष शैलेन्द्र भार्गव, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ऋषि बंसल, शहर अध्यक्ष राजेश टिक्कीवाल समेत कुछ कार्यकर्ताओं के चोटें आई। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के डण्डे छीन लिए। बाद में पदाधिकारियों व अफसरों ने मामला शांत करवाया। प्रदर्शन के बाद अरूण चतुर्वेदी, घनश्याम तिवाड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, राजपाल सिंह शेखावत, नरपत सिंह राजवी, मोहन लाल गुप्ता, अशोक परनामी, शहर भाजपा अध्यक्ष शैलेन्द्र भार्गव, महामंत्री अजय पारीक, देहात अध्यक्ष रामलाल शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ऋषि बंसल, शहर अध्यक्ष राजेश टिक्कीवाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर भाजपा कार्यालय के बाहर छोड़ दिया। प्रदेश के श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, भरतपुर, दौसा, कोटा, बाडमेर, पाली, सिरोही, जालोर, जोधपुर , चित्तौड़गढ़ समेत सभी जिलों में जिलाध्यक्षों व विधायकों के नेतृत्व में धरने-प्रदर्शन हुए।
संगठनों में भी आक्रोश
राज्य सरकार की ओर से बिजली की दरों में की गई बढ़ोतरी से सामाजिक, व्यापारिक व राजनीतिक संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोकचंद अग्रवाल का कहना है कि विद्युत दरों में 18.58 प्रतिशत की वृद्धि से उद्योगों व व्यावसायिक संस्थानों के साथ ही जनता पर भी आर्थिक संकट बढ़ेगा। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेशाध्यक्ष आजम खां ने विद्युत दरों में वृद्धि को जनता की कमर तोड़ने वाला बताया है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top