जनरेटर से चल रही एक फैक्ट्री सीज
बालोतरा
कलेक्टर डॉ. वीणा प्रधान ने बुधवार को बालोतरा इंडस्ट्रीयल एरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। इससे उद्यमियों में हड़कंप का माहौल बन गया। कलेक्टर ने फैक्ट्री का पानी सीधा नालों व खाली प्लॉटों में छोडऩे व बिना बिजली कनेक्शन अवैध रूप से जनरेटर से फैक्ट्री चलाने के मामलों को गंभीरता से लिया और प्रदूषण नियंत्रण मंडल अधिकारियों को लताड़ पिलाई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ पचपदरा तहसीलदार विवेक व्यास, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के स्थानीय प्रभारी राकेश धींगड़ा, अरविंद बैरवा, रीको आरएम एसएन रामदेव, एआरएम की टीम साथ थी। ट्रस्ट उपाध्यक्ष का बिजली कनेक्शन कटवाया: प्रदूषण नियंत्रण मंडल के राकेश धींगड़ा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र तृतीय चरण स्थित ट्रस्ट उपाध्यक्ष खीमराज भंडारी की फैक्ट्री महेश मिल का जायजा लिया तो वहां फैक्ट्री के पिछवाड़े से रासायनिक पानी सीधा बाइपास होता दिखाई दिया। वहीं एनओसी से अधिक काम चलता पाया गया।
इस पर कलेक्टर ने फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। इसी तरह लक्ष्मीचंद माली की फैक्ट्री एम कैलाश में बिजली कनेक्शन कटा हुआ होने के बावजूद फैक्ट्री चलती हुई मिली। जांचने पर पता चला कि जनरेटर से अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित हो रही है। इस पर जनरेटर सेट जब्त कर फैक्ट्री सीज करने के निर्देश दिए। धींगड़ा ने बताया कि कलेक्टर ने करीब एक दर्जन फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया, अन्य डिफाल्टर फैक्ट्रियों को कल नोटिस जारी किए जाएंगे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें