एक पारी और 115 रन से जीती टीम इंडिया 

हैदराबाद।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा पहला टेस्ट भारत ने एक पारी और 115 रन से जीत लिया है। भारत ने यह जीत चौथे दिन ही दर्ज कर ली। शनिवार को वर्षा के कारण खेल शुरू होने में देरी हुई। सुबह हुई भारी बारिश के कारण खेल 11 बजे शुरू हो सका।
पहली पारी में 279 रन से पीछे रही कीवी टीम ने फॉलोऑन खेलते हुए 1 विकेट गंवा कर 41 रन बनाए। वहीं न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में पहला झटका मार्टिन गुपटिल के रूप में लगा। गुपटिल ने 38 गेंदों में 16 रन बनाए। वह प्रज्ञान ओझा की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। इससे पहले, रविचंद्रन अश्विन और प्रज्ञान ओझा की फिरकी में फंस कर कीवी टीम भारत के पहली पारी में बनाए गए 438 रनों के जवाब में 159 रनों पर ढेर हो गई। इस प्रकार पहली पारी में न्यूजीलैंड की टीम 279 रनों से पिछड़ गई,जिसके बाद भारत ने मेहमान टीम को फॉलोआन के लिए आमंत्रित किया। अश्विन ने छह जबकि ओझा ने तीन विकेट झटके। उमेश यादव के खाते में एक विकेट गया।

न्यूजीलैंड की ओर से हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन पहली पारी में सबसे अधिक नाबाद 43 रन बना सके। तीसरे दिन का खेल मैदान का आउटफील्ड गीला होने के कारण एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 106 रन बनाए थे। कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज फ्रेंकलिन (31) और विकेट कीपर बल्लेबाज क्रूगर वान वैक (शून्य) ने तीसरे दिन के खेल की शुरूआत की।

वैक अपनी कल कीनिजी रन संख्या में बिना कोई इजाफा किए उमेश यादव की गेंद पर पगबाधा आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डग ब्रेसवेल भी 17 रन बनाकर आउट हो गए। ब्रेसवेल को प्रज्ञान ओझा की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी ने स्टम्प किया। जीतन पटेल को 10 रन के निजी योग पर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।

ट्रेंट बोल्ट भी अश्विन के शिकार हुए। अश्विन ने बोल्ट को चार रन के निजी योग पर गौतम गम्भीर के हाथों कैच कराया। क्रिस मार्टिन को अश्विन ने अपना छठा शिकार बनाया। अश्विन ने मार्टिन को शून्य के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top