गौड़ा की होगी छुट्टी, शेट्टर होंगे सीएम 
नई दिल्ली। 
भाजपा ने आखिरकार शनिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा को पद से हटाकर पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडि्डयुरप्पा के करीबी लिंगायत नेता जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर लिया। सूत्रों के मुताबिक गौड़ा को हटाने का फैसला शनिवार को पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक के बाद लिया गया। लेकिन इस फैसले की घोषणा सदानंद गौड़ा की लालकृष्ण आडवाणी और भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद ही की जाएगी। 2008 में कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद मुखमंत्री बदलने का भाजपा का यह दूसरा फैसला है।
सूत्रों के अनुसारगौड़ा शनिवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष नितीन गडकरी ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मसले पर निणर्य करने के लिए शनिवार को पार्टी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई थी। शेट्टर अभी कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री हैं। विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं को संतुष्ट करने के लिए पार्टी किसी को उपमुख्यमंत्री भी बना सकती है। 
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के घर हुई इस बैठक में कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर निर्णय होना तय माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडि्डयुरप्पा मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा को पद से हटाने के लिए बगावत पर उतर आए थे। येडि्डयुरप्पा अपने विश्वासपात्र जगदीश शेट्टर को सीएम बनाना चाहते थे।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर येडि्डयुरप्पा को अगस्त, 2011 में मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने कई बार गौड़ा को पद से हटाने के लिए लामबंदी की। सदानंद गौड़ा ने संकेत दिए हैं कि उन्हें पद छोड़ना पड़ सकता है। उन्होंने पिछले बुधवार को कहा था कि केंद्रीय नेतृत्व ने असंतुष्टों से कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन पर कोई फैसला चार-पांच दिन में लिया जाएगा। 
गौड़ा सरकार पिछले सप्ताह तब संकट में पड़ गई थी जब नौ मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। केंद्रीय नेतृत्व के मनाने के बाद उन्होंने अपने इस्तीफे वापिस लिए थे। येडि्ड गुट के सीएम उदासी, मुरूगेश निरानी और बसवराज बोम्मई शेट्टार को सीएम बनाने पर अड़े हुए थे। हालांकि पार्टी ने पहले कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन 19 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के बाद ही होगा लेकिन सूत्रों के अनुसार इसे अब कुछ दिन पहले ही अमल में लाया जाएगा क्योंकि विधानसभा सत्र 16 जुलाई से शुरू हो रहा है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top