अभी तक हाथ नहीं आए 16 गुनहगार 
गुवाहाटी। 
असम के गुवाहाटी में सरे राह लड़की के कपड़े फाड़ने वाले 16 गुंडे अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। पुलिस 20 आरोपियों में से अब तक चार को ही गिरफ्तार कर पाई है। पुलिस ने 16 आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन ये हाथ नहीं लगे। मुख्य आरोपी अका बॉन्ड भी फरार है। पुलिस ने 20 में से 12 की पहचान कर ली है। राज्य के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 48 घंटे का वक्त दिया है। 
पुलिस वालों को धमकाया
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने बीच बचाव की कोशिश की थी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आरोपियों ने न केवल उसकी धुनाई कर दी बल्कि पुलिस जब पीडित नाबालिग को जीप में ले जा रही थी तब भी उससे छेड़खानी की गई। इस दौरान हथियार बंद पुलिस वाले खड़े खड़े तमाशा देखते रहे। उधर घटना को आंखों से देखने वाले पत्रकार का कहना है कि आरोपियों के हौंसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पुलिस वालों से कहा था कि वे दखल न दें। 
कांग्रेसी और पत्रकार भी शामिल
इस बीच टीम अन्ना के सदस्य अखिल गोगोई ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह आरोप लगाया। गोगोई ने बताया कि यूथ कांग्रेस का एक नेता भी छेड़खानी और मारपीट की घटना में शामिल है। गोगोई ने कहा कि इस संबंध में उनके पास सबूत भी है। टीम अन्ना के सदस्य ने कहा कि उनके पास एक वीडियो है। जिसको वह डीजीपी को सौंपने के बाद सबके सामने लाएंगे। 
सोमवार रात एक अकेली नाबालिग लड़की पर 20 लोगों ने हमला कर दिया था। उन्होंने लड़की से छेड़खानी और मारपीट की। बाद में लड़की के कपड़े भी फाड़ डाले। आधे घंटे तक यह सब चलता रहा। न तो पुलिस बचाने आई और न ही आम लोग। सब तमाशबीन बने रहे। लड़की पर उस वक्त हमला किया जब वह क्रिश्चियन बस्ती इलाके में स्थित एक बार से पार्टी कर अपने घर लौट रही थी। इस घटना से पूरा देश शर्मसार हो गया। महिला आयोग ने आरोपियों को उम्र कैद की सजा देने की मांग की है। 
जब यह लड़की अपने घर लौट रही थी तो रास्ते में किसी लड़के ने इस पर भद्दे कमेंट किए। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच कई और लोग वहां पहुंचे और लड़की से छेड़खानी करने लगे। जब लड़की ने विरोध किया तो उसकी धुनाई कर दी और कपड़े फाड़ दिए। घटना का पता उस वक्त लगा जब यू ट्यूब ने इंटरनेट पर वीडियो डाला।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top