भाजपा में खूब चला खिचड़ी का किस्सा
जयपुर।
एक महिला ने अपने बेटे व जंवाई को खाने में खिचड़ी परोसी। जब उसमें घी डाला तो थाली में सारा घी जंवाई की तरफ चला गया। महिला को लगा कि ऎसे तो बेटा बिना घी की खिचड़ी खाएगा, इस पर उसने बातें गढ़ीं और यह कहते हुए खिचड़ी में अंगुली से लाइन खींच दी कि मेरी बेटी को परेशान करते हो, वह आपके साथ ससुराल नहीं जाएगी। लाइन खींच देने से घी बेटे की तरफ ज्यादा चला गया पर जंवाई सारा माजरा समझ गया। उसने पूरी खिचड़ी को हाथ से गaमड़ करते हुए कहा कि अब तक जो हुआ उसे भूलो, आगे की बात करो.....।भाजपा विधायक दल के उपनेता घनश्याम तिवाड़ी ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर कोर कमेटी, प्रदेश पदाघिकारी और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक में यह किस्सा सुनाया। कटारिया यात्रा विवाद के करीब एक माह बाद आज पार्टी के नेता एक जाजम पर बैठे। बैठक अच्छे माहौल में हुई जिसमें मिलजुलकर काम करने पर जोर दिया गया। प्रतिपक्ष की नेता वसुंधरा राजे ने उनकी हां में हां मिलाई तो दिगम्बर सिंह ने मजाकिया लहजे में कहा कि खिचड़ी को आप अलग हिस्सों में मत रखो। तिवाड़ी ने सरकार के कामकाज व पार्टी के दर्द को लेकर दो और किस्से सुनाए जिनकी चर्चा बैठक के बाद तक रही। प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी ने कांग्रेस को पार्टी ऑफ करप्शन की संज्ञा दी।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने चुनाव बूथों पर मजबूत कार्यकर्ता तैयार करने की जरूरत बताई। राष्ट्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी फूलचंद भिण्डा, चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक योगेन्द्र सिंह तंवर ने भी विचार रखे।
नहीं बोलीं किरण
कटारिया यात्रा विवाद में आई राष्ट्रीय महामंत्री किरण माहेश्वरी बैठक में जरूर मौजूद थीं लेकिन बोलीं नहीं। प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, कोर कमेटी के सदस्य ओमप्रकाश माथुर व राजेन्द्र राठौड़ व कुछ प्रदेश पदाघिकारी बैठक में नहीं आए।
जिसके पास टाट की बोरियां तक ना हो...
यहां वसुंधरा राजे ने किसानों का गेहूं सड़ने पर गहलोत सरकार को आड़े हाथ लिया। भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया से राजे ने कहा कि श्रीगंगानगर में किसानों और एफसीआई का गेहूं खुले में होने की वजह से भीग गया। अब एफसीआई का यही सड़ा गेहूं पशुआहार के लिए बेच दिया जाएगा जो दुर्भाग्यपूण है। इस सरकार के पास ना तो भण्डारण की व्यवस्था है और ना ही बारदाने की। जिस सरकार के पास टाट की बोरियां तक ना हो वह फटेहाल किसानों का दर्द क्या समझेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे कमर कस लें, अब वक्त आ गया है। कार्यकर्ता पसीना बहाएं, जनता अपने आप फल देगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार की तीन सालों में तीन बड़ी उपलब्घियां महंगाई, भ्रष्टाचार व आतंकवाद बताई।
1 लाख भाजपाई 22 को देंगे गिरफ्तारी
पेट्रोल दामों में बढ़ोतरी तथा यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ राजस्थान में 22 जून को भाजपा के एक लाख कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे। पार्टी ने शुक्रवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विजय गोयल की मौजूदगी में यहां हुई कोर कमेटी, प्रदेश पदाघिकारी और जिलाध्यक्षों की बैठक में आंदोलन की व्यूहरचना को अंतिम रूप दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वसुंधरा राजे मौजूद थीं।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें