अगवा महिला को इंजेक्शन लगा फ्रेश होने चले गए विधायक और फिर...
जोधपुर
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद विधायक नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी पर एक महिला ने अपहरण करवाने का आरोप लगाया है। यह महिला मंगलवार अलसुबह चौपासनी बाइपास पर अपहर्ताओं के चंगुल से बच निकलीं और किसी तरह मसूरिया सिंधी कॉलोनी पहुंची।वहां के लोगों ने अर्ध मूर्छित महिला की सुध ली और पुलिस को सूचना दी। देर रात अस्पताल में होश में आने के बाद महिला ने पूरी कहानी बयां की। प्रताप नगर पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि एक महिला मसूरिया सिंधी कॉलोनी में मिली है।वह अर्ध मूर्छित हालत में है और उसे इलाहाबाद से अगवा किया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन क्षेत्रवासियों ने किसी कारणवश उसे ले जाने से रोक दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जबरन उस महिला को निकट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।देर शाम पुलिस ने उसे एमजीएच में भर्ती करवाया। वहां देर रात होश में आने पर महिला ने पूरी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार वह इलाहाबाद के उत्तरी लोकपुर, आरएल रोड नैनी निवासी अभय बाघेला (बंगाली ब्रम्हाण) की पत्नी कनक (29) है।उसका आरोप है कि इलाहाबाद के विधायक नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी के इशारे पर ऋतुराज, अभिषेक व उसकी कंपनी के मैनेजर संजीव सेठी ने सोमवार दोपहर उसे अगवा कर लिया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह अस्पताल जा रही थी, उसी दौरान दो गाड़ियों में सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।रास्ते में उसे बेहोशी का इंजेक्शन लगाया। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे चौपासनी बाइपास पर अपहर्ता उसे बेहोश समझकर कार में छोड़कर फ्रेश होने चले गए। इसी दौरान हल्के अंधेरे का फायदा उठाकर वह बच निकली। किसी तरह वह मसूरिया सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में पहुंच गई। यहां लोगों ने उसकी मदद की।
संपन्न परिवार की है कनक
पुलिस के अनुसार कनक बाघेला संपन्न परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह अपने पति अभय की एटीएम एजुकेशन सेंटर के संचालन में मदद करती है। इस संस्थान की देशभर में करीब 20 शाखाएं हैं और इनमें एटीएम इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग दी जाती है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ऋतुराज व अभिषेक उसकी इंस्टीट्यूट में कमीशन पर स्टूडेंट लाते हैं। इनमें लेनदेन का विवाद भी है और मैनेजर सेठी से इनकी मिलीभगत है। पुलिस ने महिला के पति को सूचना दी है। बुधवार तक उसके जोधपुर पहुंचने की उम्मीद है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें