सरकार ने पूरे नहीं किए वादे : सिंह
राजस्थान सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व अपने घोषणा पत्र में कहा था कि अगर हम सत्ता में आए तो केन्द्र के समान छठे वेतन आयोग का लाभ 1 जनवरी 2006 से देंगे तथा वेतन विसंगतियों को दूर कर जनता जल योजना में कार्यरत अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, वंचित पैराटीचर, विद्यार्थी मित्रों, मदरसा टीचर के साथ लोक जुम्बिश कर्मचारियों के स्थाई करण के सार्थक प्रयास करेंगे। मगर साढ़े तीन वर्ष गुजर जाने के बाद भी सरकार ने अभी तक महासंघ के 11 सूत्री मांग पत्र पर अभी तक कोई वार्ता नहीं की है। यह बात संयुक्त कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रसिंह ने अपनी चार दिवसीय बाड़मेर जिले की यात्रा पर बालोतरा में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कही। प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्रसिंह ने अपने संबोधन में मंत्रालयिक कर्मचारियों की वेतन विसंगति को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में सिर कटवाने की नहीं सिर गिनवाने की जरूरत है। इसलिए हमने पूर्व में बीकानेर संभाग में थार सम्मेलन एवं कोटा में हाड़ौती संभाग स्तरीय कर्मचारी सम्मेलनों के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी है। और अब 6 मई को मुख्यमंत्री के गृहनगर जोधपुर में मारवाड़ संभाग अधिवेशन के माध्यम से सरकार के खिलाफ संघर्ष का सेमीफाइनल आयोजित होगा। जो कर्मचारियों के महाकुंभ के रूप में अपनी पहचान कायम करेगा। मारवाड़ संभाग अधिवेशन के संयोजक एवं प्रबोधक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केशरसिंह चंपावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम आपको 6 मई को जोधपुर पहुंचने के लिए पीले चावल बांटने आए हैं। हमारा प्रयास यही रहेगा कि मुख्यमंत्री को इस अधिवेशन में आमंत्रित कर उनसे कर्मचारी हितों के लिए सौंपे गए। 11 सूत्री मांग पत्र पर घोषणा करने के लिए वातावरण बनाए। चंपावत ने कहा कि वंचित पैराटीचर को प्रबोधक बनाने के लिए महासंघ निरंतर प्रयासरत है। कर्मचारियों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जलदाय तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्रसिंह ने कहा कि महासंघ एकीकृत का नारा है। प्रत्येक कर्मचारी हमारा है। सभा को बालसिंह राठौड़, बाबूलाल संकलेचा, भीखाराम चौधरी, हनीफ खां लोलावा, सांवलसिंह, छगनसिंह लुणु, चंदनसिंह राजपुरोहित, हीरसिंह ने संबोधित कर अधिकाधिक कर्मचारियों को 6 मई के मारवाड़ संभाग अधिवेशन में पहुंचने का आग्रह किया। मंच संचालन जैसलसिंह खारवाल ने किया। सिवाना त्न अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र सिंह के मंगलवार को सिवाना आगमन पर स्थानीय सरकार भवन में विभिन्न सरकारी कार्मिक व शिक्षक संगठनों के कार्मिकों ने साफा पहनाकर माल्यार्पण के साथ स्वागत किया। इस मौके पर महेन्द्र सिंह ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि हक की लड़ाई के लिए संगठित होकर संघर्ष करें। उन्होंने छह मई को जोधपुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय कर्मचारी सम्मेलन में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया। इस दौरान तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, प्रबोधक संघ के प्रदेशाध्यक्ष केशर सिंह चंपावत, जिलाध्यक्ष हनीफ खां लोलावा, विद्यार्थी मित्र संघ के जिलाध्यक्ष सांवल सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर एकीकृत महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष पन्ने सिंह शेखावत, प्रबोधक संघ के तन सिंह भायल, संयोजक कोजसिंह, पंचायती राज शिक्षक के गणपतसिंह खींची, राजस्थान शिक्षक के मदन जोशी, प्रवक्ता एनपी सिंह, जलदाय तकनीकी संघ के सुरेश पुरोहित, दिनेश शर्मा सहित कर्मचारीगण मौजूद थे। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top