असंतुष्ट विधायकों ने बढ़ाई गहलोत की परेशानी
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जहां मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन के सिलसिले में पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं, वहीं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ चंद्रभान भी अचानक दिल्ली चले गए हैं। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही असंतुष्ट विधायकों की गतिविघियों के चलते दोनों नेताओं का एक साथ दिल्ली में होना महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। 

गौरतलब है कि कांग्रेस के एक दर्जन असंतुष्ट विधायकों और कांग्रेसी नेताओं ने दिल्ली में ही डेरा डाल रखा है। हांलाकि कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि डॉ चंद्रभान संगठनात्मक गतिविघियों के सिलसिले में पार्टी के आला नेताओं से मिलने दिल्ली गए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी में पाली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की नियुक्ति अभी तक नहीं हुई हैं। वहीं कई महत्वपूर्ण राजनैतिक नियुक्तियां भी लंबित हैं। इसमें हज कमेटी, मेवात विकास बोर्ड, युवा बोर्ड आदि शामिल हैं। 

इसके साथ ही बीकानेर शहर, जोधपुर शहर व कोटा शहर की जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी गठित नहीं हो सकी है। ये तीनों शहर इकाइयां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बीडी कल्ला और शांति धारीवाल जैसे आला नेताओं की कर्मभूमि है। कांग्रेस में सवाल उठाया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं की कमेटियां तो गठित हो गईं लेकिन जहां बडे नेता हैं, वहां पर कांग्रेस की कमेटियां गठित होना मुश्किल है।

हालांकि मुख्यमंत्री आंतरिक सुरक्षा सबंधी बैठक में भाग लेने दिल्ली गए हैं लेकिन माना जा रहा है कि दोनों नेताओं की वहां मौजूदगी महज संयोग नहीं है। दोनों ही राज्य में पार्टी और सरकार के कामकाज को लेकर पार्टी आलाकमान को ताजा हालात से अवगत कराएंगे।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top