शोभायात्रा में गूंजे बाबा के जयकारे
बालोतरा
आंगडिय़ा गली के पास स्थित बाबा रामदेव मंदिर के चतुर्थ पाटोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार को घांची समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ढोल वादक, घुड़सवार के साथ मंगल कलश लिए बालिकाएं चल रही थी। वहीं विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। महिला मंडल व युवा मंडल की भजन मंडलियों की की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा का जगह-जगह गुलाल व पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। शोभायात्रा में रथ पर बाबा रामदेव जी की प्रतिमा व संत सुखरामदास महाराज का लोगों ने जगह-जगह पूजन व अभिवादन किया।
शहर से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर डागा अस्पताल रोड, माहेश्वरी समाज भवन, गायत्री चौक, रेबारियों का टांका, कुम्हारों का चौक, आंगडिय़ा गली होते हुए पुन: मंदिर परिसर में विसर्जित हुई। इससे पूर्व सुबह मंदिर परिसर में विद्वानों की ओर से मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां दी गई। बोलीदाता परिवारों की ओर से मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया।
बही भजनों की सरिता
मंदिर के चौथे पाटोत्सव को लेकर बुधवार रात संत सुखरामदास महाराज के सानिध्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों की ओर से प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम का आगाज सुमेरपुर के भजन कलाकार किशोर पालीवाल ने गणपति वंदना से किया। उन्होंने गुरु महिमा के साथ चौसठ जोगणी रे थारे देवलिये, राम रणुजा वाला अवतार, सालासर से मंदिर में हनुमान बिराजे रे सहित कई भजनों की प्रस्तुतियां दी। वहीं गायिका आशा वैष्णव ने गुरु बिन घोर अंधेरा, सामलो नी सायल राम सहित अन्य भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को सराबोर किया। इस मौके पर घांची समाज ट्रस्ट अध्यक्ष ओमप्रकाश एच भाटी, धनराज परमार, राणाराम गहलोत, लेखराज देवड़ा, उकाराम परिहार, मंगलाराम सोलंकी, शंकरलाल भाटी, पार्षद केवलचंद घांची सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। मंच का संचालन राजू माली ने किया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें