सज गया ब्रह्मधाम आसोतरा, महोत्सव 23 से
बालोतरा
श्री खेतेश्वर ब्रह्मधाम आसोतरा दुल्हन की तरह सज कर तैयार हो गया है। ब्रह्मधाम पर 23 अपै्रल से ब्रह्मर्षि श्रीखेतेश्वर जन्म शताब्दी महा महोत्सव एवं श्री ब्रह्मात्मक महायज्ञ शतकुंडीय का आयोजन शुरू होने जा रहा है। इन बड़े आयोजनों को लेकर गायत्री मंत्रों का जाप शुरू हो गया है। इस आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के साथ दो शंकराचार्य व कई साधु-संत पहुंचेंगे। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे को भी आमंत्रित किया गया है। मंगलवार को ब्रह्मधाम गादीपति तुलछाराम महाराज व उनके शिष्य वेदांताचार्य ध्यानारामजी महाराज ने प्रेसवार्ता में इस आयोजन के बारे में जानकारी दी। ब्रह्मधाम गादीपति तुलछाराम महाराज ने बताया कि यज्ञ का मतलब है समर्पण यानि मनुष्य में त्याग की भावना उत्पन्न हो इसके लिए यज्ञों का आयोजन होता आया है। उन्होंने ब्रह्मात्मक महायज्ञ की महत्ता बताई। तुलछाराम महाराज के शिष्य वेदांताचार्य ध्यानारामजी महाराज ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस यज्ञ के लिए 30 विद्वान ब्राह्मणों को काशी से बुलवाया गया है, वहीं करीब 200-250 स्थानीय ब्राह्मण बुलवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि संस्कारशाला का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है, जहां प्रतिदिन 1100 राजपुरोहित बालकों को ब्रह्म कर्म के लिए संस्कारित किया जाएगा। सात दिवसीय आयोजन के दौरान ब्रह्मात्मक जप का भी जाप होगा। ध्यानाराम महाराज ने बताया कि महोत्सव को लेकर चार ज्योति रथ रवाना किए गए थे, जिनमें से एक रथ देश के बड़े शहरों में व तीन रथ राजस्थान भर में ब्रह्मज्योति व खेतेश्वर चरण पादुकाओं के साथ घूमे। ट्रस्ट महामंत्री भंवरसिंह कनाना ने बताया कि व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग कमेटियों व उप कमेटियों का गठन किया गया है। एक लाख लोगों के ठहरने, खाने-पीने व रहने की व्यवस्थाएं की गई है। बिजली, पानी, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सभी व्यवस्थाओं के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के लिए बंदोबस्त किए गए हैं। व्यवस्थाओं में प्रशासन का सहयोग: इतने बड़े आयोजन में व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है। जालोर की ओर जाने वाले राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए बाइपास मार्ग तैयार करवाया गया है। मंगलवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. वीणा प्रधान भी ब्रह्मधाम पहुंची। उन्होंने जलदाय विभाग व सार्वजनिक निर्माण विभाग एक्सईएन को उचित निर्देश दिए। इस कार्यक्रम के लिए उपखंड अधिकारी बालोतरा को मेलाधिकारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के दौरान 26 अपै्रल को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे व 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आमंत्रित किया गया है। आसोतरा धाम में लगेगी अस्थाई डिस्पेंसरी: बाड़मेर. ब्रह्मा मंदिर में आयोजित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम के मद्देनजर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सेवाएं स्थापित करने के लिए अस्थाई डिस्पेंसरी तथा एम्बुलेंस लगाने का निर्णय लिया है। सीएमएचओ डॉ. अजमल हुसैन ने बताया आई ईसी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि ब्रह्मधाम में 23 से 29 अप्रेल तक सात दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला आई ईसी समन्वयक विनोद बिश्नोई ने बताया कि खेतेश्वर जन्म शताब्दी समारोह में चिकित्सक स्टाफ, एम्बुलेंस, औषधियों की व्यवस्था रहेगी। इस संबंध में बीसीएमओ बालोतरा को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें