अन्ना हजारे का नए आंदोलन का शंखनाद 
नई दिल्ली। जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने जन लोकपाल कानून के लिए नये आंदोलन का बिगुल बजाते हुए शुक्रवार को आज कहा कि वह २५ मार्च को जंतर मंतर पर एक दिन का सांकेतिक धरना देंगे तथा उसके बाद देशव्यापी अभियान शुरू किया जायेगा। अन्ना ने कहा कि जंतर मंतर पर उनका धरना देश में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने वाले लोगों को सुरक्षा देने की मांग को लेकर किया जायेगा। अन्ना टीम मध्यप्रदेश में खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर रहे भारतीय पुलिस सेवा के एक युवा अधिकारी की हत्या को लेकर मुहिम चला रही है। अन्ना ने सरकारी लोकपाल विधेयक की आलोचना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार सशक्त लोकपाल गठित करने के प्रति कतई गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी लोकपाल विधेयक के जरिये देश से भ्रष्टाचार खत्म नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री मनमोहन ङ्क्षसह ने लोकपाल विधेयक पर राज्यसभा में पेश अनेक संशोधनों के मद्देनजर आज विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक बुलाई थी जिसमें कोई सर्वसम्मति नहीं बन पाई। इस बैठक के तुरंत बाद अन्ना ने सरकार की ओर से की जा रही कवायद को बेमानी बताते हुए कहा कि देश में पहले से भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जायेगा। अन्ना ने कहा कि २०१४ में होने वाले आम चुनाव से पहले यदि मजबूत जन लोकपाल कानून नहीं बनाया गया तो वह राजधानी के रामलीला मैदान पर फिर से भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन करेंगे।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top