शरू में  मंत्रिमंडल होगा छोटा  : अखिलेश
उत्तर प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अभी उनका मंत्रिमंडल छोटा होगा। वह कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। अखिलेश ने अपने सम्मान में आयोजित समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा कि किसी भी काम के लिए अपनी टीम बनाना मुश्किल होता है और यह मंत्रिमंडल के गठन पर भी लागू होता है। लिहाजा अभी इसे छोटा रखा जाएगा। बाद में इसमें विस्तार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में अनुभवी और युवा दोनों रहेंगे तथा समाज के सभी वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाएगा। सरकार को यदि पुराने लोगों के अनुभव का फायदा मिलेगा तो युवा टीम जोश से काम करेगी।
मंत्री बनने के जुगाड़ में जुटे विधायक
कयास लगाया जा रहा था कि सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां विधानसभा अध्यक्ष होंगे लेकिन भावी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खां के साथ शिवपाल सिंह यादव को मंत्री बनाने की घोषणा के बाद इन कयासों पर विराम लग गया है। मंत्री बनने की दौड़ में बलिया जिले से चुनाव लडे़ अंबिका चौधरी भी शामिल हैं। हालांकि वह चुनाव हार गए हैं।
अब एक ही चर्चा, कौन-कौन बन रहा मंत्री
माना जा रहा है कि वह विधान परिषद में जाएंगे और इसके पहले उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। सपा का सदस्य नहीं होने के बावजूद कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का नाम भी संभावित मंत्रियों में लिया जा रहा है।
मंत्री बनने के लिए विधायकों का अपने वरिष्ठ नेताओं से संपर्क जारी है। वे मंत्री बनने के जुगाड़ लगा रहे हैं। पहली बार विधायक बने एक युवा सुबह सुबह ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के यहां पहुंच गए। युवा विधायक का तर्क है प्रयास करना गलत नहीं है। आगे अखिलेश भैया और नेताजी जाने।
... ये हैं चर्चा में
राजनीतिक गलियारों में मंत्री बनने की जिन नामों की सर्वाधिक चर्चा है उनमें देवबंद के विधायक राजेंद्र सिंह राणा, महबूब अली (अमरोहा), शाहिद मंजूर (किठौर), अरिदमन सिंह (बाह), उदयराज यादव (पुरवा), शारदा प्रताप शुक्ला (सरोजनी नगर), अभिषेक मिश्र (लखनऊ उत्तरी), अनूप संडा (सुलतानपुर), प्रमोद कुमार (विधुना), इरफान सोलंकी (शीशमऊ), अरविंद सिंह गोप (रामनगर), राजीव सिंह (दरियाबाद), तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय (अयोध्या), शंखलाल माझी (कटेहरी), योगेश प्रताप सिंह (कर्नलगंज), कुंवर आनंद सिंह अन्नू भैया (गौरा), राजकिशोर सिंह (हरैया), ब्रह्मा सिंह त्रिपाठी (कुशीनगर), शाकिर अली (पथरदेवा), कामेश्वर उपाध्याय (भाटपाररानी), संग्राम सिंह यादव (अतरौलिया), दुर्गा प्रसाद यादव (आजमगढ़), नारद राय (बलिया नगर), रामगोविंद चौधरी (बांसडीह), डा.वकार अहमद और ओम प्रकाश सिंह (जमनियां) शामिल हैं।
मिल्कीपुर (सु) सीट से जीते अवधेश प्रसाद आठवीं बार विधायक बने हैं। वह मुलायम सिंह यादव की सरकार में लगातार मंत्री रहे हैं। वह पहली बार 1977 में जनता पार्टी के शासन में मंत्री बने थे जबकि चिरंजन स्वरूप वैश्य समाज में गहरी पैठ रखते हैं और वह शुरू से ही मुलायम सिंह यादव के वफादार रहे हैं। लखनऊ उत्तरी के युवा विधायक अभिषेक मिश्र आईआईएम के छात्र रहे हैं। वह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी जयशंकर मिश्र के पुत्र हैं।
भावी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इनकी शैक्षिक योग्यता से काफी प्रभावित माने जाते हैं। मायावती सरकार में संसदीय कार्यमंत्री रहे लालजी वर्मा को कटहरी सीट पर पराजित करने वाले पूर्व मंत्री शंखलाल मांझी और पथरदेवा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही को हराने वाले शाकिर अली का नाम भी संभावित मंत्रियों में लिया जा रहा है। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top