युद्धाभ्यास दृढ़ संकल्प का जायजा लिया थलसेनाध्यक्ष ने  
बाड़मेर  
राजस्थान के बाड़मेर जैलसमेर ज़िले के सीमा पर चल रहे युद्धाभ्यास दृढ़ संकल्प का थलसेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह ने शनिवार को दक्षिणी कमान के  का जायजा लिया। यह युद्धाभ्यास अब अपने अंतिम चरण में है, जो पिछले दो माह से राजस्थान के रेगिस्तान में चल रहा था।
इस अभ्यास में सेना ने वास्तविक युद्ध परिस्थितियों जैसे हालात निर्मित कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस युद्धाभ्यास का ध्येय सेना की यूनिट व फॉर्मेशन को रेगिस्तानी इलाकों में नेटवर्क केन्द्रित परिवेश में तोपखाने और वायुसेना के साथ समन्वित तीव्र आक्रमण के लिए प्रशिक्षित करना था।
इस युद्धाभ्यास में दक्षिणी कमान के सभी लड़ाकू सैनिकों और सहायक सेवाओं ने हिस्सा लिया। इसी के साथ इस बार विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, एविएशन, स्पेशल फोर्सेज और वायुसेना का भी पूरे तालमेल के साथ प्रयोग किया गया।
थलसेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह ने इस में भाग ले रहे सैनिकों से भी मुलाकात की। दक्षिण कमान के जनरल ऑफिसर कमाण्डिंग इन चीफ लेफ्टिनेन्ट जनरल अशोक सिंह ने थलसेनाध्यक्ष को पूरे प्रशिक्षण, युद्धाभ्यास के प्लान और परिप्रेक्ष्य से अवगत कराया।
थलसेनाध्यक्ष ने सभी सैनिकों को बदलते युद्ध परिवेश में नई तकनीक को अवधारण करने के साथ, शारीरिक एवं मानसिक रूप में सजग रहने और अपने साजो-सामान व हथियारों को उच्चतम मानक के अनुरूप तैयार रखने की हिदायत दी।
इस युद्धाभ्यास में पैदल सैनिकों एवं मैकेनाइज्ड सेना ने हवाई मार्ग में उतारे गए सैनिकों के साथ समन्वय रखते हुए अपने युद्ध कौशल को परखा। साथ ही सूचना तंत्र का प्रयोग करते हुए नेटवर्क राडार, मानव रहित टोही विमान और अन्य खुफिया जानकारी एकत्र करने के साधनों का उपयोग करते हुए निरंतर प्राप्त हो रही जानकारी का आकलन कर कमांडरों को एक नई शक्ति प्रदान की।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top