लघु उद्योग भारती का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
बाड़मेर 
लघु उद्योग भारती जिला इकाई बाड़मेर का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय होटल कैलाश इन्टरनेशनल में मंगलवार की रोज सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री अमराराम चैधरी, मुख्य वक्ता प्रकाशचन्द- राष्ट्रीय संगठन मंत्री, लघु उद्योग भारती, विशेष आमंत्रित अतिथि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष- लघु उद्योग भारती एवं जोधपुर महापौर घनश्याम ओझा, अध्यक्ष ओ.पी. विश्नोई, अतिरिक्त कलक्टर बाड़मेर, विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र राठी- प्रांतीय अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती थे।
पदस्थापना की शपथ विशेष आमंत्रित अतिथि घनश्याम ओझा ने दिलाई। लघु उद्योग भारती, जिला इकाई बाड़मेर के नव मनोनीत अध्यक्ष कैलाश कोटडि़या, महासचिव अशोक मोदी, कोषाध्यक्ष जसवंत नाहटा, उपाध्यक्ष शंभू माकड, पृथ्वी चण्डक, सह सचिव निलेश मेहता तथा कार्यकारिणी सदस्य दीपक अग्रवाल, आशीष बंसल, अभय पालीवाल, भरत दवे, परमेश्वर खत्री, विशेष आमंत्रित सदस्य मनोहर बंसल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर घनश्याम ओझा ने कहा कि बड़े उद्योग अपनी समस्याओं का समाधान उनके पास उपलब्ध संसाधन, श्रमिक एवं धन के द्वारा कर लेते हैं परन्तु छोटे व मंझले उद्योगों के पास समस्याओं का अम्बार लगा रहता है। इन समस्याओं के समाधान हेतु संगठित होकर एक संगठन के नीचे अपनी समस्याओं का समाधान व निराकरण संभव होता है। इसलिए लघु उद्योग भारती छोटे व मंझले उद्योगों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक मंच उपलब्ध करवाती है।
विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र राठी ने कहा कि जोधपुर अंचल में लघु उद्योग भारती के करीब 800 आजीवन सदस्य हैं। लघु उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए जोधपुर अंचल के लघु उद्योग भारती के सदस्य अपनी समस्याओं को जोधपुर कार्यालय भेजते हैं और जोधपुर कार्यालय द्वारा समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभाग को भेज दिया जाता है तथा केन्द्रीय नेतृत्व को समस्याओं के बारे में अवगत करवा उनके समाधान हेतु लिखा जाता है।
नव मनोनीत अध्यक्ष कैलाश कोटडि़या द्वारा बाड़मेर औद्योगिक विकास में आ रही समस्याओं को सुलझाने व औद्योगिक विकास हो इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता प्रकाशचन्द ने कहा कि भारत की जी.डी.पी. का आधार औद्योगिक विकास रहता है। भारत के उद्यमियों द्वारा हजारों समस्याओं से संघर्ष करते हुए भी आज अपने उद्योगों को प्रतिस्पर्धा के युग में अपने आप को बनाए रखा है। भारत का उद्यमी सर्वश्रेष्ठ उत्पादन करने में विश्वास रखता है ना कि प्रतिस्पर्धा करने में। भारत में आजादी से पूर्व इंग्लैण्ड में मशीनों द्वारा 600 डेनियर का धागा निर्मित होता था जबकि भारत में 2000 डेनियर का धागा उत्पादित किया जाता था। भारत का हाथ से बना हुआ कपड़ा इंग्लैण्ड में मशहूर था और वहां के लोगों द्वारा मशीनों से बना हुआ कपड़ा पसंद नहीं किया जाता था। उस वक्त इंग्लैण्ड सरकार द्वारा अपने आप को बाजार में बनाए रखने के लिए भारत के बने हुए कपड़े पर टैक्स लगाया गया। भारत में सर्वश्रेष्ठ उत्पादन में जो लोहा उत्पादन होता था उस पर जंग नहीं लगता था जिसका उदाहरण दिल्ली में स्थित महरौली का लौह स्तंभ है। भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ की हड्डी लघु उद्योग है। अतः इसका संरक्षण किया जाना चाहिए।
समारोह के अध्यक्ष ओ.पी. विश्नोई ने अपने सम्बोधन में कहा कि बाड़मेर में औद्योगिक विकास की असीम संभावना मौजूद हैं। वर्तमान में 13 बीघा जमीन शिल्प ग्राम हेतु आवंटित की गई है तथा बाड़मेर में विभिन्न प्रकार के मिनरल्स पाए जाते हैं जो विश्व में कहीं नहीं पाए जाते। बाड़मेर के हैण्डीक्राफ्ट में बनाए जाने वाले कुशन कवर व बैडशीट विदेशों में भी उपलब्ध है। बाड़मेर में वर्तमान में जो जीरा उत्पादित हो रहा है उसकी मांग विदेशों में रहती है विशेषकर जापान में। अतः बाड़मेर के औद्योगिक विकास की पूर्ण संभावना है।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री अमराराम चैधरी ने कहा कि बालोतरा की बंद इकाईयों की जो समस्याएं हैं उनका शीघ्र ही निराकरण होगा और उन्हें पुनः जल्द ही आरम्भ करवाया जाएगा। बाड़मेर के खनिज उद्योग की लीज सम्बन्धी जो समस्याएं हैं उनका शीघ्र समाधान करवाया जाएगा। उन्होनें नई खनिज नीति शीघ्र घोषित करने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह पुखराज गुप्ता, विभाग प्रचारक श्यामसिंह, समाजसेवी तनसिंह चौहान , भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ. जालमसिंह रावलोत, पार्षद दिलीप पालीवाल, पर रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबन्धक कुलदीप दाधीच, जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता प्रेमजीत धोबी, अधिशाषी अभियंता मांगीलाल जाट, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता नेमाराम परिहार, अधिशाषी अभियंता सोनाराम बेनीवाल, आयकर अधिकारी लाकेश घीया, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक घनश्याम गुप्ता, बाड़मेर, बालोतरा व जोधपुर के उद्योगपतियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंत में महासचिव अशोक मोदी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top