दूसरी सूची तैयार, जोशी को प्रचार की कमान! 
जयपुर। 
राजस्थान कांग्रेस की दूसरी सूची लगभग तैयार है लेकिन कुछ नामों पर फंसे पेच के चलते बुधवार को सूची जारी होने की संभावना कम है। इसी बीच राजस्थान विधानसभा चुनाव के प्रचार की कमान सीपी जोशी को सौंपे जाने की खबर है।
इससे पूर्व दिनभर टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों की नजरें दिल्ली में चल रही आलाकमान की मीटिंग पर टिकी रही।
मीटिंग के बाद दूसरी सूची जारी करने के कयासों के बीच सूची में हिंडौली से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को प्रत्याशी के रूप में पेश किया जाने की खबरें भी आई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में कांगे्रस की चुनाव समिति की बैठक में पार्टी की बकाया 137 सीटों पर अंतिम निर्णय लगभग पूरा हो चुका है।
इसमें मुख्य रूप से मेवाड़ क्षेत्र में राजसमंद, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और भीलवाड़ा की सीटों पर निर्णय होगा। इन सीटों पर केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी के दबाव के चलते निर्णय नहीं हो पाया था। 
माना जा रहा है कि सांसदों को टिकट नहीं दिए जाने की सूचनाओं के बीच कुछ सीटों पर पार्टी आलाकमान अलग से निर्णय कर सकती है।
चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान व अन्य प्रदेश कांग्रेस के नेता बुधवार को भी दिल्ली में रूके रहे।

वैभव को टिकट पर निर्णय 
वैभव गहलोत के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर पिछले काफी समय से कयास लग रहे थे। उनका नाम बूंदी की हिंडौली से प्रस्तावित भी किया गया। इस सीट से पिछले चुनाव में भाजपा के प्रभुलाल सैनी प्रत्याशी थे।

इस बार भाजपा ने महीपत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। नए प्रत्याशी के समक्ष कांग्रेस वैभव को चुनाव लड़ाने का मानस बना सकती है। 

शहर की सीटों पर भी निर्णय
कांग्रेस में राजधानी की किशनपोल सीट से डीसीसी अध्यक्ष सलीम कागजी के पुत्र अमीन कागजी का दावा मजबूत माना जा रहा है। आदर्श नगर में एक बार फिर पार्टी अल्पसंख्यक नेता पर दांव खेल सकती है।

सांगानेर और मालवीय नगर में पार्टी वैश्य और ब्राह्मण प्रत्याशी को टिकट देने का मानस बना रही है। आमेर, विद्याधर नगर व झोटवाड़ा में पार्टी जाट, राजपूत और ब्राह्मण पर दांव खेलने की तैयारी में है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top