बिहार बीजेपी के मंत्री सौंपेंगे इस्तीफे 
पटना। 
बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा-जद यू गठबंधन टूटने की कगार पर है। राज्य के भाजपा नेताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने से ही इनकार कर दिया। इस बीच बीजेपी उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा कि हमें जेडीयू के फैसले का इंतजार है। इसके बाद बिहार सरकार में भाजपा कोटे के मंत्री उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अपने इस्तीफे सौंप देंगे। मोदी समेत भाजपा कोटे के मंत्रियों ने पिछले दो दिनों से सरकारी कामकाज बंद कर दिया है और कार्यालय तक नहीं जा रहे है।
नंद किशोर यादव ने मुख्यमंत्री के बुलावे पर बैठक में नहीं जाने के बारे में कहा कि मोदी और गठबंधन के विषय में बातचीत के लिए उन्हें बुलाया गया था लेकिन दोनों विषय पर निर्णय उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का है और इसपर पार्टी का केन्द्रीय नेतृत्व ही निर्णय ले सकता है। इसलिए दोनों नेताओं ने बैठक में नहीं जाने का फैसला लिया। यादव ने कहा कि भाजपा बिहार के हित में जदयू से गठबंधन बनाए रखने का हिमायती है, लेकिन दोनों दलों के नेताओं की ओर से हो रही बयानबाजी के कारण दूरियां बढ़ रही है। अब गेंद जदयू के पाले में है और गठबंधन के संदर्भ में नीतीश कुमार को ही कोई निर्णय लेना है। 
सोमनाथ और द्वारका के प्रवास पर गए बिहार के पशु एवं मत्स्यसंसाधन मंत्री गिरिराज सिंह सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुमार नरेन्द्र मोदी प्रकरण के निहितार्थ को समझने का दावा तो कर रहे हैं लेकिन राजग को चुनकर साथ सौंपने के पीछे जनता के निहितार्थ को वह समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने लालू, राबडी, राजद के 15 साल के कुशासन से मुक्ति के लिए राजग को चुना था।
सिंह ने कहा कि यह जनादेश भाजपा के सुशील कुमार मोदी और न ही जदयू के नीतीश कुमार को मिला था। कुमार भाजपा के सहारे ही सत्ता के गलियारे तक पहुंचे है और अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के कारण उन्होंने जनता के निहितार्थ को भी नजरअंदाज कर दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने अंतिम दम तक गठबंधन को बनाए रखने का प्रयास किया है और इसके लिए पार्टी के केन्द्रीय नेता लाल कृष्ण आडवाणी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी ने भी कुमार से बातचीत की। 
एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि कुमार खुलकर कहें कि गठबंधन रहेगा तो भाजपा कोटे के मंत्री कामकाज करना प्रारंभ कर देंगे अन्यथा वर्तमान परिस्थिति में कोई कैसे काम करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रभावी तरीके से कुशासन के खिलाफ लड़ने का काम किया है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। इस बीच उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक चल रही है। मोदी समेत भाजपा कोटे के मंत्रियों ने पिछले दो दिनों से सरकारी कामकाज बंद कर दिया है और कार्यालय तक नहीं जा रहे है। वही मोदी ने सरकारी वाहन का इस्तेमाल भी बंद कर दिया है और वह निजी वाहन से ही यात्रा कर रहे हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top