12 हजार कांस्टेबलों की भर्ती अगले महीने
जयपुर।
नेहरू नगर स्थित पुलिस अकादमी परिसर में प्रस्तावित इंटेलीजेंस प्रशिक्षण अकादमी भवन के शिलान्यास के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अगले माह 12 हजार कांस्टेबलों की भर्ती की बात कही। सीएम ने इंटेलीजेंस ब्रांच के जवानों का विशेष भत्ता 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की भी घोषणा की। इसके साथ ही राज्य विशेष शाखा की विभिन्न जिलों में तैनात यूनिट के लिए 9 नए वाहन उपलब्ध कराने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवादी घटनाओं के साथ साइबर क्राइम भी बढ़ा है। ऎसे में इंटेलीजेंस की भूमिका बढ़ जाती है। भवन बनने में समय लगेगा। ऎसे में प्रशिक्षण के लिए इंतजार नहीं किया जा सकता। सरकार बजट देने को तैयार है, पुलिस किराए के भवन में इंटेलीजेंस प्रशिक्षण अकादमी संचालित कर सकती है।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक हरीशचंद्र मीना ने कहा कि इंटेलीजेंस का काम राजनीतिक आसूचना को लेकर ही देखा जाता है, लेकिन इसके काम का दायरा बहुत बड़ा है। इससे पहले एडीजी (इंटेलीजेंस) दलपत सिंह दिनकर ने कहा कि प्रदेश में आतंकी घटनाओं के साथ पाकिस्तानी जासूसों की गतिविधियां भी बढ़ी हैं, इसलिए इंटेलीजेंस दस्ते को अत्याधुनिक बनाना जरूरी है। कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल, सरदार पटेल पुलिस एवं सुरक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति एम.एल. कुमावत व कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
एडीजी जसवंत सम्पतराम ने बताया कि सरकार ने तीस हजार कांस्टेबल भर्ती की घोषणा की हुई है। इसमें से आठ हजार गत वर्ष भर्ती हुए और दस हजार कांस्टेबलों की भर्ती इस वर्ष हुई। यह भर्ती लगभग पूरी हो चुकी है। वर्तमान में चल रही भर्ती में केवल कमिश्नरेट की भर्ती बाकी है। यहां अभी परिणाम नहीं आया है। कमिश्नरेट में भर्ती होने के साथ ही अगली भर्ती का काम शुरू हो जाएगा।
दो माह में बनाओ स्टूडेंट पुलिस कैडेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टूडेंट पुलसि कैडेट योजना प्रस्तावित है। इसके अलावा ग्राम रक्षक भी लगाने हैं। नौ हजार 177 ग्राम पंचायतों में यह काम जल्दी होना चाहिए था। उन्होंने अधिकारियों को यह काम दो माह में पूरा करने के लिए कहा।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें