पाक विस्थापितों को दिलाई जाएगी भारतीय नागरिकता-गहलोत
जयपुर।
मुख्यमंत्री ने डाली बाई चौराहे के पास रह रहे 204 पाक विस्थापितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने उनको आश्वासन दिया कि उन्हें भारत की नागरिकता दिलवाने संबंधित आवेदन केंद्र सरकार को भिजवा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उन आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जो पाक विस्थापित धार्मिक वीजा पर आए हैं, उन्हें दीर्घकालिक वीजा दिलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कलक्टर को इनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।पाक विस्थापितों ने अपने ग्रुप लीडर चेतन राम भील के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की कि उन्हें भारत में रहने के लिए नागरिकता दी जाए और शरणार्थी का दर्जा दिया जाए।
सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष प्रेमचंद मीणा ने मुख्यमंत्री एवं उनकी धर्मपत्नी सुनीता गहलोत को शॉल भेंट किए। हिन्दू सिंह सोढ़ा ने भी पाक विस्थापितों की समस्याओं पर ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर महापौर रामेश्वर दाधीच, कलक्टर गौरव गोयल, जेडीए चेयरमैन राजेन्द्र सोलंकी एवं पूर्व विधायक जुगल काबरा मौजूद थे।
1997 के पाक विस्थापितों ने भी भेंट की :
पाकिस्तान से 19 में आए विस्थापितों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। ये अभी कालीबेरी क्षेत्र की भील बस्ती में रहते हैं । इन विस्थापितों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि उन्हें मूल निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। इस पर मुख्यमंत्री ने कलक्टर को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री को पाक विस्थापितों से बातचीत के दौरान यह जानकर प्रसन्नता हुई कि उनके बच्चे शिविर में पढ़ाई कर रहे हैं। ये बच्चे पाक में रहने के दौरान पढ़ नहीं पाए थे। मुख्यमंत्री पढ़ाई के लिए बच्चों को हर संभव का आश्वासन दिया।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें