वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामनारायण चौधरी का निधन
जयपुर।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री रामनारायण चौधरी का बुधवार रात करीब 12.35 बजे यहां फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उनकी विधायक बेटी रीटा चौधरी ने बताया कि चौधरी का अंतिम संस्कार गुरूवार दोपहर 3 बजे झुंझुनूं में किया जाएगा। चौधरी कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके सीने में संक्रमण था। वे 52 दिन से अस्पताल में भर्ती थे। निधन की सूचना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत देर रात अस्पताल पहुंचे और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। उनके परिवार में दो बेटे व तीन बेटियां हैं। चौधरी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, उपाध्यक्ष व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैसे प्रमुख पदों पर भी रहे।
चौधरी का जन्म झुंझुनूं जिले के हेतमसर में 22 फरवरी 1928 को किसान परिवार में हुआ था। वे 1967 में पहली बार विधायक बने और सात बार विधानसभा के सदस्य रहे। मंडावा क्षेत्र के नेता चौधरी ने राज्य सरकार में सहकारिता, स्थानीय निकाय, पंचायत, पीएचईडी, यातायात, जेल व पीडब्ल्यूडी जैसे अहम महकमे संभाले। वे 1952 से कांग्रेस से जुड़े रहे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें