गहलोत का भाजपा पर पलटवार
जयपुर। 
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोल ब्लॉक आवंटन मामले को लेकर भाजपा पर सिद्घांतविहीन राजनीति करने का आरोप लगाया है। गहलोत ने पार्टी पदाधिकारियों,सांसदों और विधायकों से कहा कि वे प्रदेश की जनता के बीच जाकर भाजपा की ओर से किए जा रहे दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें तथा आमजन को सच्चाई से अवगत कराएं।
गहलोत गुरूवार को यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के इंदिरा गांधी सभागार में पार्टी पदाधिकारियों,विभिन्न अग्रिम संगठनों,प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, सांसदों एवं विधायकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का मुद्दा हमारा है तथा भाजपा को इस मसले पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुराडी अधिवेशन में भ्रष्टाचार की समाप्ति तथा पारदर्शिता लाने के लिए पांच कार्यक्रम दिए थे। कांग्रेस पदाधिकारी व जनप्रतिनिधी इन पांच बिन्दुओं को अपने जेहन में उतारें।
गहलोत ने भाजपा पर उग्र हिन्दू राष्ट्रवाद एवं गौमाता के नाम पर धार्मिक भावनाएं भड़का कर झूठी अफवाहें फैलाने तथा वोटों की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मसले पर भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुखराम के मसले पर भाजपा ने 12 दिन तक संसद नहीं चलने दी बाद में उन्हीं सुखराम को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top