जाटों के सामने झुकी हरियाणा सरकार
हिसार। साथियों की रिहाई की बात मान लेने के बाद हरियाणा में जाट आंदोलनकारी अब खत्म होने के कगार पर है। लगातार 21 दिन के आंदोलन के बाद हुई वार्ता में आंदोलनकारियों ने सकारात्मक संकेत देते हुए बताया कि वह अब जल्द ही रेलवे ट्रेक और सड़क मार्ग खाली कर देंगे। इससे हरियाणा और दिल्ली ने राहत की सांस ली है।इससे पूर्व शनिवार को भी हिसार में चारों ओर मार्ग अवरुद्ध रहे। जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने गिरफ्तार नेताओं की रिहाई तक किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया। समिति ने प्रदेश भर में हिसार के अलावा जींद, भिवानी, फतेहाबाद, सोनीपत में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर रोड जाम करने का दावा किया है। विवाद के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।खाप कमेटी ने भी नेताओं की रिहाई नहीं होने पर संघर्ष समिति के साथ मिलकर आंदोलन में कूदने की घोषणा की है। संघर्ष समिति के खिलाफ बयानबाजी करने के विरोध स्वरूप शनिवार को धरना स्थल पर संसदीय कार्य मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला का पुतला फूंका गया।साथ ही रविवार शाम तक अपने शब्द वापस न लेने पर सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी दी। आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए सुरेश कोथ ने कहा कि खाप कमेटी का मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ हुआ समझौता शर्तो के विपरीत होते हुए भी मानने की लिए सहमति बनाई जा रही थी। इसके लिए सरकार से मात्र 24 घंटे का समय मांगा गया था।आंदोलनकारियों को समझाकर छह मार्च को धरना समाप्त करने की लगभग सहमति बन गई थी, लेकिन सरकार ने अवधि खत्म होने से आठ घंटा पूर्व ही संघर्ष समिति के नेताओं को सोते से उठाकर आंदोलन भड़का दिया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन को भड़काने के लिए पूरी तरह से प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन जिम्मेदार है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया तो गंभीर परिणाम होंगे।
कई जिलों में पहुंची आरक्षण की चिंगारी
पानीपत। जाट आरक्षण आंदोलन की चिंगारी अब पूरे हरियाणा में फैलने लगी है। शनिवार को जींद में तीसरे दिन भी रोडवेज की बसें नहीं चलीं। कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी और कैथल में लोगों ने आरक्षण के समर्थन में प्रदर्शन किया। पानीपत के इसराना में भी रेलवे ट्रैक के पास लोग जुटने शुरू हो गए हैं। कुरुक्षेत्र में जाम लगाया गया।मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका गया। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक भी हुई। इसमें 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। शनिवार शाम जाट समुदाय के लोगों ने राजौंद-पूंडरी मार्ग पर जाम लगाया। जाट कॉलेज के विद्यार्थियों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर शहर में प्रदर्शन किया। कैथल से हिसार, जींद, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक जाने वाली रोडवेज बसों को बंद कर दिया गया है। सोनीपत के बड़वासनी में भी धरना शुरू हो गया है। फतेहाबाद के मेहूवाला में धरना जारी रहा। जगह-जगह जाम लगाने से जरूरी सामानों की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। जींद में घरेलू गैस की किल्लत हो गई है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top