छात्र संघ चुनाव 2012-13 के कार्यालय का उद्घाटन
बालोतरा
एमबीआर राजकीय महाविद्यालय में बाड़मेर-जैसलमेर सांसद हरीश चौधरी के मुख्य आतिथ्य एवं पचपदरा विधायक मदन प्रजापत की अध्यक्षता में छात्र संघ चुनाव 2012-13 के कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरीश चौधरी ने कहा कि महाविद्यालय छात्र संघ जीवन राजनीति में प्रवेश की शुरूआत है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जिले की जो संस्कृति है वह दुनिया में महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं में अधिक से अधिक नेतृत्व की भावना का विकास होने से स्वच्छ लोकतंत्र का निर्माण होगा। अपने विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष के अनुभवों को बताते हुए चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में जीतने के बाद पदाधिकारियों की भूमिका दलगत भावना से ऊपर उठकर सभी के साथ मिलजुल कर कार्य करें। जिससे महाविद्यालय में विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पचपदरा विधायक मदन प्रजापत ने कहा कि महाविद्यालय छात्र जीवन भविष्य निर्माण का काल है। महाविद्यालय में जो समस्याएं विद्यमान है उनका समाधान करने के लिए हम प्रयासरत रहेंगे। नगरपालिका अध्यक्ष महेश बी. चौहान ने कहा कि नगरपालिका के क्षेत्राधिकार में आने वाली समस्याओं के समाधान में नगरपालिका का सहयोग हमेशा आपके साथ रहेगा। महाविद्यालय निर्माण के भामाशाह महावीर चौपड़ा ने बताया कि हमारा परिवार हमेशा शिक्षा के विकास में सहयोगी रहा है। भविष्य में जब भी जरूरत पड़ेगी, हमारा परिवार हमेशा आपके साथ रहेगा। ईश्वरसिंह जसोल ने छात्रों की समस्याएं को ध्यान में रखते हुए कहा कि पेयजल सुविधा के क्रम में उनकी ओर से वाटर कूलर लगाया जाएगा और इसकी व्यवस्था कर दी जाएगी। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश मंत्री एबीवीपी जोगेंद्रसिंह राजपुरोहित ने भारतीय संस्कृति की महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष राजकुमार प्रजापत, उपाध्यक्ष मनीष गहलोत, महासचिव नीता राठौड़ एवं संयुक्त सचिव पिंकी माली व सभी पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में व्याप्त प्रमुख समस्याएं साहित्य विषय की कमी, विज्ञान संकाय का अभाव, इतिहास के व्याख्याता का रिक्त पद, शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति, पीजी स्तर पर अतिरिक्त विषय की स्वीकृति इत्यादि समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर अतिथियों, प्राचार्य एवं पदाधिकारियों ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। अंत में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विमला आर्य ने अतिथियों का आभार जताया।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें