रामदेव के बयान से संसद में हगामा 
संसद में चोर, लुटेरे, हत्यारे और जाहिल बैठे
नई दिल्ली। बाबा रामदेव के इस बयान कि संसद में चोर, लुटेरे, हत्यारे और जाहिल बैठे हैं पर बुधवार को संसद में खासा हंगामा हुआ। बाबा के बयानों पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। सपा के लोकसभा सदस्य शैलेंद्र कुमार ने इस मुद्दे पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस देते हुए कहा कि सांसदों को लगातार अपमानित किया जा रहा है।कभी संत तो कभी सामाजिक कार्यकर्ता सांसदों को चोर, लुटेरा, शैतान, हैवान कह रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने भी कहा कि कोई कितना बड़ा भी संत हो, समाजसेवी उसे सांसदों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का हक नहीं है। कांग्रेस नेता जगदंबिका पाल ने कहा कि संसद का अपमान करने की परंपरा सी चल पड़ी है। इसे रोकने की जरूरत है। सपा नेता मोहन सिंह ने कहा है कि ईश्वर बाबा को सद्बुदि्ध दें ताकि वे ऎसी बातें करना बंद करें। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई से अपनी भारत निर्माण यात्रा की शुरूआत करते वक्त बाबा रामदेव ने कहा कि 543 रोगी हिंदुस्तान की संसद को चला रहे हैं। हमने उन्हें कुर्सी पर बिठा दिया लेकिन वे कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं है। उनके पास सत्ता चलाने की पात्रता नहीं है लेकिन देश चल रहा है। हमें हिंदुस्तान की संसद को बचाना है। बाबा यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा कि संसद में लुटेरे,हत्यारे और जाहिल बैठे हैं। संसद में इंसान के रूप में शैतान बैठे हैं। हालांकि बाबा ने यह भी कहा कि संसद में कुछ अच्छे लोग भी बैठे हैं। कुछ वक्त पहले टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा कि था कि संसद में हत्यारे,लुटेरे और बलात्कारी बैठे हैं अब बाबा रामदेव ने भी इसी तरह का बयान दिया है।
योग गुरू इस मौके पर इशारों ही इशारों में केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल को आड़े हाथों लेना नहीं भूले। बाबा ने कहा कि जब 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले से सरकार को करोड़ों रूपए का चूना लगने की बात कही जा रही थी तब एक मंत्री कह रहा था कि कोई नुकसान ही नहीं हुआ। तब मैंने कहा कि रूक जा बेईमान तुझे थोड़े दिनों में बताऊंगा।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top