'मजदूरों को मुख्य धारा में लाना होगा' 
बाड़मेर
मजदूर व किसान देश को बनाता है, लेकिन शासक वर्ग मजदूरों की उपेक्षा कर रहा है। मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए उन्हें मुख्य धारा में लाना होगा ताकि उनका कल्याण हो। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर मंगलवार को आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भारतीय जनता मजदूर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेश कुमार शर्मा ने यह बातें कही। उन्होंने कहा श्रम विभाग में पद रिक्त होने से श्रम कानून का सही उपयोग नहीं हो रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूनियन की संरक्षक डॉ.मृदुरेखा चौधरी ने कहा कि 18वीं सदी में मजदूरों को गुलाम की तरह रखा जाता था। ऐसे समय में कार्ल माक्र्स व लेनिन ने मजदूरों के अधिकारों की बात की। उन्होंने जिला मुख्यालय पर श्रम विभाग खोलने की मांग की। कमठा मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बडेरा ने कहा सरकार मजदूरों के हितों की रक्षा करने में नाकाम रही है। एक साल पूर्व मजदूरों ने रजिस्ट्रेशन करवाया उनका नवीनीकरण होने से मजदूरों को योजना का लाभ नहीं मिला। स्व.जेठमाल सिंह व धर्माराम के आश्रित परिवारों को किसी तरह की सहायता नहीं दी गई। मजदूर हिताधिकारी की आश्रित पुत्री के विवाह सहायता के आवेदन स्वीकार नहीं करने पर सहायक श्रम आयुक्त के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया। श्रमिक नेता श्रवणकुमार चंदेल ने कहा मजदूर बोरी तो उठा सकता है मगर एक बोरी खरीद नहीं सकता इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। कमठा मजदूर यूनियन के महामंत्री नारायण सिंह दहिया ने कहा कि यूनियन हर मजदूर के सुख-दुख में साथ है। ओमप्रकाश गोसाई ने एकता का आह्वान किया। रैली को प्रचारमंत्री श्यामलाल, प्लास्टर वर्ग के अध्यक्ष गुलाबराम, उपाध्यक्ष मुर्राद खां नौहड़ी, भंवरलाल भाटी, गुड़ामालानी तहसील अध्यक्ष भीरू खां, चौहटन अध्यक्ष गोरधन राम, उपाध्यक्ष हेमाराम, लूणाराम, लोक कल्याण के शोरुलाल ने भी संबोधित किया। 
मजदूरों का शोषण बंद करो: कमठा मजदूर, बारदाना, सिलाई मजदूर, प्लंबर एसोसिएशन, सैन समाज, ऑटो टैक्सी यूनियन, इलेक्ट्रिशियन संघ ने मिलकर सुबह नौ बजे चौहटन रोड रेलवे फाटक से रैली निकाली। जिसे यूनियन संरक्षक मृदुरेखा चौधरी ने हरी झंडी दिखा रवाना किया। रैली में मजदूरों ने शोषण बंद करने, दुनिया के मजदूरों एक हो, श्रम शक्ति राष्ट्र भक्ति के नारे लगाए। रैली कलेक्ट्रेट पहुंची जहां सभा आयोजित हुई। उसके बाद मजदूरों की विभिन्न समस्याओं का ज्ञापन एडीएम अरुण पुरोहित को सौंपा। रैली की व्यवस्था बलदेव कुमार फुलवारिया ने की।
 गुड़ामालानी. भारतीय मजदूर संघ के गुड़ामालानी शाखा के कार्यकर्ता, संघ से जुड़े मजदूरों ने मई दिवस पर बिजली विभाग के बाहर से रैली निकाली। रैली को तहसील अध्यक्ष करनाराम चौधरी, भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष लालूराम गौड़ ने रैली को संबोधित करते हुए कहा मजदूर किसी के बहकावे नहीं आए। एकजुट होकर काम करने से ही जीत मिलती है। आंगनबाड़ी की जिला संयोजक भगवती देवी ने कहा मातृ शक्ति की ताकत को कोई नहीं रोक सकता। विद्युत विभाग के महामंत्री भींयाराम ने भी विचार व्यक्त किए। 
एकजुट रहने का आह्वान: बाड़मेर. लोक कल्याण संस्थान बायतु एवं कमठा मजदूर संगठन के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें बाड़मेर, बायतु, बालोतरा एवं चौहटन के विभिन्न ट्रेड के श्रमिकों ने भाग लिया। प्रवासी श्रमिक परियोजना के समन्वयक चोरुलाल सैन, श्रमिक सहायता एवं संदर्भ केंद्र प्रभारी करनाराम गोदारा व श्रमिक सहायता एवं संदर्भ केंद्र प्रभारी दुर्गाराम ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने का आह्वान किया। 
धोरीमन्ना. अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कस्बे में पंचायत समिति मुख्यालय से सुबह आठ बजे मजदूरों की रैली निकाली। रैली को विकास अधिकारी संजय अमरावत एवं सरपंच सुखराम विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मजदूर यूनियन अध्यक्ष मेघाराम गोसाई के नेतृत्व में रैली पंचायत परिसर में सभा में तब्दील हुई। रैली को संबोधित करते हुए विकास अधिकारी ने कहा मजदूर समय पर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि समय पर हक मिल सके। मजदूर यूनियन महामंत्री कुंभाराम ने भी संबोधित किया। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top