भीतरघात करने वालों पर चलेगा राहुल का डंडा 
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने साफ किया है कि यूपी के विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनको कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव में हार के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि भीतरघात से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है। राहुल गांधी पार्टी की 
हार की समीक्षा के लिए यूपी के दौरे पर हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी के संगठन को मजूबत करने की जरूरत है। संगठन में ऎसे लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी जो ईमानदार और कर्मठ हों। राहुल गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है। उनकी बात जरूर सुनी जानी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि जिला स्तर पर होने वाले विकास कार्यो की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी। सड़क,पानी और बिजली जैसी समस्याओं को प्राथमित तौर पर हल किया जाएगा। राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से निराश न होकर अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा। 
इस बीच, यूपी विधानसभा चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस में असंतोष उभर आया है। यूपी के नेताओं का कहना है कि रक्षा मंत्री एके एंटनी ने उनसे मुलाकात किए बिना ही रिपोर्ट बना दी। यूपी के छह सांसदों ने राहुल गांधी को क्लीन चिट देने वाली रिपोर्ट के औचित्य पर ही सवाल उठा दिए हैं। 
इन सांसदों का कहना है कि हार की समीक्षा सही ढंग से नहीं की गई। तुरत-फुरत में बने बनाए ढर्रे पर रिपोर्ट बना दी गई और आलाकमान के समक्ष पेश कर दिया गया। यूपी में हार के लिए राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी ली थी। बाद में पार्टी ने हार की समीक्षा के लिए एंटनी कमेटी का गठन किया था। रिपोर्ट में कांग्रेस की हार के लिए महंगाई,गलत टिकट वितरण,कमजोर संगठन और बाटला एनकाउंटर पर नेताओं के विवादित बयानों को जिम्मेदार ठहराया गया है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top