छात्रसंघ अध्यक्ष कार्यालय में शराब पार्टी
जयपुर।
महाराजा कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष लेखराज मीणा बुधवार शाम कॉलेज परिसर स्थित अपने कार्यालय में शराब पीते पकड़ा गया। उसके साथ तीन अन्य युवकों के शराब पार्टी मनाने की सूचना कॉलेज के छात्रों को मिली तो उन्होंने चारों को कार्यालय में ही घेर कर दबोच लिया। बाद में कॉलेज प्रशासन ने अध्यक्ष व तीनों युवकों को लालकोठी थाना पुलिस को सौंप लिखित रिपोर्ट दी। पुलिस ने एक नाबालिग लड़के को छोड़ दिया और छात्रसंघ अध्यक्ष सहित तीन को गिरफ्तार कर मेडिकल करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में युवक रामकेश के शराब पीने की पुष्टि हुई है।
एक ही पैग पीया
थाने में जब पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की तो उनमें से एक छात्र बोला कि उसने एक पैग ही तो पिया है। इसमें गलत क्या है?
हॉस्टल का छात्र भी था
थाने पहंुचे लेखराज ने पुलिस को बताया कि उनके साथ गोखले हॉस्टल का एक छात्र भी था। भीड़ ने उस छात्र को वहां से भगा दिया। आरोप है कि शराब भी वही छात्र लेकर आया था। उधर, कॉलेज के छात्रसंघ महासचिव प्रीतम ने बताया कि कॉलेज परिसर में इस तरह की गतिविघियों की शिकायत पूर्व में कई बार कॉलेज प्रशासन को की जा चुकी है।
बताया राजनीतिक साजिश
लेखराज एबीवीपी की राजस्थान विवि इकाई का सचिव भी है। संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री मिथलेश गौतम का कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, वे पता करेंगे। छात्रसंघ महासचिव अमित शर्मा ने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि परिषद का कार्यकर्ता कभी ऎसा नहीं कर सकता। वहीं लेखराज मीणा ने कहा कि मेडिकल मुआयने में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें