चुनाव से पहले एक्शन में प्रियंका गांधी, नेताओं की ली क्लास
नई दिल्ली।
अपने भाई और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सपने को पूरा करने के लिए प्रियंका वाड्रा ने कमर कस ली है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को राहुल गांधी के घर पार्टी नेताओं के साथ बैठक की।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकर अहमद पटेल, केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश, पार्टी महासचिव जर्नादन दि्वेदी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री समेत कई बड़े नेता शामिल थे। कहा जा रहा है कि यूपी में चुनाव प्रचार की कमान प्रियंका गांधी के हाथ में रहेगी। प्रियंका गांधी ने लगभग 5 मिनट तक नेताओं की बैठक ली।
पार्टी में बड़े फेरबदल के संकेत
इस बीच खबर है कि राहुल गांधी अगले हफ्ते की शुरूआत में पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल कर सकते हैं। इसके तहत चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी महासचिवों को बदला जा सकता है जबकि कुछ केन्द्रीय मंत्रियों को संगठन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जा सकती है। गौरतलब है कि 17 जनवरी को एआईसीसी का अधिवेशन है। इसमें राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की जिम्मेदारी देने का फैसला हो सकता है।
बदलेगा कांग्रेस का मीडिया विभाग भी
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के मीडिया विभाग में भी बदलाव के आसार हैं। इस बार का बदलाव पूरी तरह से लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख कर किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो गुलाम नबी आजाद, जयराम रमेश, आस्कर फर्नाडीस, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद और आरपीएन सिंह जैसे केन्द्रीय मंत्रियों को संगठन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जा सकती है।
चुनाव लड़ेंगे संगठन के बड़े पदाधिकारी
जहां तक महासचिवों का सवाल है तो गुरदास कामत, वी.के. हरीप्रसाद, मधुसूदन मिस्त्री, दिग्विजय सिंह, शकील अहमद और मुकुल वासनिक चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। सी.पी. जोशी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है। फेरबदल से तय होगा कि ये नेता चुनाव लड़ेंगे या संगठन में रहेंगे।
सीपी नहीं लड़ेंगे चुनाव, संभाल सकते हैं राजस्थान का जिम्मा
सीपी जोशी के चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा के चलते उन्हें राजस्थान कांग्रेस का अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है। इसके अलावा जिस तरह जयंती नटराजन से इस्तीफा लिया गया था, उसी तरह कुछ और मंत्रियों को भी लोकसभा चुनावों को देखते हुए इस्तीफे के लिए कहा जा सकता है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें